मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के लिए 24.87 करोड़ रुपए की स्वीकृति

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। राज्य सरकार प्रदेश में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के 6 चिकित्सा महाविद्यालयों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के लिए 24 करोड़ 87 लाख 22 हजार रुपए के अतिरिक्त बजट प्रावधान को स्वीकृति दी है।

श्री गहलोत के निर्णय से राज्य के जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर एवं उदयपुर के चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए विभिन्न चिकित्सकीय उपकरण खरीदे जाएंगे। इससे आमजन को अपने शहर में ही सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2022-23 के बजट में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढीकरण के लिए घोषणा की गई थी। इसी क्रम में यह स्वीकृति दी गई है।