विनय एक्सप्रेस समाचार, अजमेर। गायत्री परिवार की ओर से अजमेर के शास्त्री नगर स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित नि:शुल्क तर्पण कार्यक्रम में महिला पुरूषों की निरंतर भागीदारी बनी हुई है।

कार्यक्रम संयोजक एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता जेठू भाई डाबी ने बताया कि त्रयोदशी के दिन तक तर्पण में करीब 150 से अधिक श्रद्धालुओं ने भागीदारी निभायी। वैदिक परम्परा से प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से 9:00 बजे तक तर्पण विधि सम्पन्न करायी जाती है। जिसमें कोई भी श्रद्धालु सनातन परम्परा के इस नि:शुल्क अनुष्ठान में भाग ले सकते हैं।
तर्पण करने वाले हृदय रोग चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार पारीक बताते हैं कि वे अपने पिताजी के श्राद्ध पर तर्पण के लिये पुष्कर जाते हैं किंतु इस वर्ष गायत्री परिवार की ओर से अजमेर में ही कार्यक्रम होने से उनके साथ अन्य श्रद्धालुओं को भी लाभ मिला है। अब तक तर्पण करने वालों में सबसे कम उम्र के अभ्युदय (11 वर्ष) ने भी भागीदारी निभायी। सभी तर्पणकर्ताओं ने कार्यक्रम की विधि की सराहना करते हुए प्रतिवर्ष श्रद्धा पखवाड़े में पिंडदान, तर्पण आदि कार्यक्रम रखे जाने पर जोर दिया। तर्पण कार्यक्रम अमावस्या , 21 सितंबर तक आयोजित होगा।













