2025 में भारत की ग्रोथ रेट सबसे ज्यादा 6.5% रहेगी:IMF का पाकिस्तान के लिए 3% का अनुमान, दुनिया की विकास दर 3.3% रहेगी!

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर।IMF के मुताबिक भारत में इंडस्ट्रिलय एक्टिविटी में गिरावट की वजह से 2023 के मुकाबले विकास दर में गिरावट आई है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने साल 2025 और 2026 में दुनिया भर के देशों की विकास दर को लेकर अपना पूर्वानुमान पेश किया है। IMF का अनुमान है कि 2025 और 2026 में दुनिया की ग्रोथ रेट 3.3% रहेगी। बड़े देशों में भारत 6.5% की ग्रोथ रेट के साथ सबसे तेजी से विकास करेगा।
पाकिस्तान विकास दर 2025 में 3% और 2026 में 4% रहने का अनुमान है, जबकि 2024 में यह 3.2% थी। IMF की फर्स्ट डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर गीता गोपीनाथ ने सोशल मीडिया X पर वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक ग्रोथ का अनुमान पोस्ट किया।
अपस्टॉक्स के मुताबिक IMF का कहना है कि भारत में इंडस्ट्रियल एक्टिविटी में उम्मीद से ज्यादा गिरावट देखी गई है। इस वजह से 2023 के मुकाबले ग्रोथ रेट भी उम्मीद से ज्यादा धीमी रही। 2023 में भारत की ग्रोथ रेट 8.2% थी, जो 2024 में घटकर 6.5% रह गई। इसके 2025 और 2026 में भी इतना ही रहने का अनुमान है।
*अमेरिका की ग्रोथ दर 2025 में 2.7% रहेगी*
अनुमान के मुताबिक अमेरिका की विकास दर 2024 के मुकाबले मामूली तौर पर 0.1% घटकर 2025 में 2.7% रहेगी, जबकि 2026 में यह 2.1% पर पहुंच जाएगी। IMF का कहना है कि अमेरिका के घरेलू मार्केट में मांग बनी हुई है, क्योंकि US फेडरल रिजर्व (केंद्रीय बैंक) ने मौद्रिक नीति में ब्याज दरों को घटाया है। इससे लोगों को लोन मिलने में आसानी हुई है।
चीन की विकास दर 2025 में 4.6% और 2026 में 4.5% रहने का अनुमान है। 2024 में चीन की ग्रोथ रेट 4.8% रही थी। IMF के मुताबिक चीन को अपनी विकास रफ्तार बढ़ाने के लिए घरेलू मार्केट में मांग पैदा करनी होगी।
IMF के मुताबिक अमेरिका में ब्याज सस्ता होने से लोगों को लोन मिलने में आसानी हुई है, जिससे घरेलू मांग बढ़ी है।