हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में दिशा  (DISHA) की बैठक हुई आयोजित : विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिये निर्देश

विनय एक्सप्रेस समाचार, नागौर। जिला मुख्यालय पर बुधवार को जिला परिषद सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई । जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित के निर्देशन में बैठक का संचालन जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविन्द्र कुमार ने करते हुए बैठक के विभागवार एजेंडे ,प्रगति रिपोर्ट और पिछली बैठक की अनुपालना रिपोर्ट के बारे में जानकारी प्रदान की ।

विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद बेनीवाल ने जिले में चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, सामाजिक न्याय व अधिकारिता, खाद्य सुरक्षा, श्रम विभाग, वन एवं कृषि, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, राजस्थान कौशल व आजीविका विकास निगम, राजीविका, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, शिक्षा, रेलवे, सिंचाई, सड़क, पीएम आवास योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को बैठक में उठाई गई जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने सभी अधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने और पालना रिपोर्ट भेजने के लिए निर्देशित किया।

महत्वपूर्ण विषयों पर दिये निर्देश

सांसद बेनीवाल ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था अस्पतालों में साफ – सफाई, जल जीवन मिशन के तहत गांवों व ढाणियों में पेयजल लाइन डालने, जल जीवन मिशन के कार्य दौरान टूटी सड़कों का निर्माण करने, वन क्षेत्र में अवैध पेड़ों की कटाई और खनन गतिविधियों पर रोक लगाने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर -घर कचरा संग्रहण कराने, वृद्धावस्था पेंशन एवं श्रम विभाग के श्रमिक कार्ड के आवेदनों का निस्तारण करने, फसल बीमा योजना जैसी प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में आधारभूत संरचना, सड़क निर्माण कार्य, नये लघु व सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना के प्रस्ताव तैयार करने, जिले में कौशल विकास और राजीविका की गतिविधियां आयोजित करने और कृषि विकास से जुड़ी योजनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए । उन्होंने जिले के प्रमुख उत्पादों को बढ़ावा देने और जिले में उद्योग स्थापित करने को कहा जिससे व्यापार बढ़ेगा और युवाओं को रोजगार के नवीन अवसर मिलेंगे ।

श्री बेनीवाल ने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि बैठक के माध्यम से जिला के प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को आपस में तालमेल बनाकर जिले के विकास कार्य करना चाहिए और जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना चाहिए ।