बीकानेर मंडल रेलवे अधिकारियों द्वारा सतर्कता सेमिनार आयोजित

रेल अधिकारी और कर्मचारी सार्वजनिक जीवन में सत्य निष्ठा और ईमानदारी को अपनाएं

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर।उत्तर -पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल पर सोमवार को केन्द्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार 16 अगस्त से 15 नवम्बर तक चल रहे सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में उत्तर- पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी  अनिल कुमार गुप्ता, मुख्य सतर्कता अधिकारी (यांत्रिक एवम मेडिकल ) मनोज कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी ( इलेक्ट्रिक एवं सिग्नल एवं दूरसंचार)  टी ए अंसारी एवं उप मुख्य सतर्कता अधिकारी (इंजीनियरिंग)  सत्यनारायण यादव की उपस्थिति में सतर्कता जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।इस बैठक में  आशीष कुमार, मंडल रेल प्रबंधक, बीकानेर एवं मंडल के अन्य ब्रांच अधिकारियों और सतर्कता अधिकारियों ने सतर्कता के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की एवम उन्होंने कहा कि रेल कर्मी एवं रेल अधिकारी अपने सार्वजनिक जीवन में सत्य निष्ठा और ईमानदारी को अपनाएं।

उल्लेखनीय है कि सतर्कता सप्ताह दिनांक 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें विभिन्न विषयों पर सेमिनार, प्रश्नोत्तरी , ड्राइंग, काव्य पाठ और नुक्कड़ नाटक आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

इसी कड़ी में अधिकारियों, कर्मचारियों अन्य भागीदारों को जागरूक बनाने के लिए जोनल स्तर पर 16 अगस्त से 15 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन ‘सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि” की अवधारणा के साथ चलाये जा रहा है। मुख्यालय की सतर्कता टीम द्वारा बैठक के दौरान बीकानेर मंडल के सभी अधिकारियों को, किस प्रकार सतर्कता बरतते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए, के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। सतर्कता रखते हुए अपने कार्य को करने में ज्ञानवर्धन के साथ एवं किस प्रकार से टेन्डर और कान्ट्रैक्ट के मामले में सतर्कता रखते हुए रेलवे बोर्ड द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों की पालना करते हुए कार्य निष्पादन किया जाना चाहिए, की जानकारी प्रदान की।

वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी  अनिल कुमार गुप्ता द्वारा नियमित कार्यप्रणाली में सरलीकरण एवम आवश्यक सुधार करने का सुझाव दिया गया,जिससे समय पर कार्य में होने वाली गलतियों को रोका जा सके। इस वर्ष ‘सत्यनिष्ठा की संस्कृति से राष्ट्र की समृद्धि’ की थीम पर सतर्कता सप्ताह मनाया जा रहा है। भारत जब सतर्क रहेगा तभी समर्थ और समृद्ध बनेगा।

मंडल रेल प्रबंधक , आशीष कुमार द्वारा प्रधान कार्यालय से आए सतर्कता अधिकारी के साथ और टीम का आभार व्यक्त किया और मंडल पर उत्कृष्ट एवम पारदर्शिता से हो रहे कार्यों से अवगत करवाते हुए, उन्होंने कहा की सतर्कता अधिकारी व टीम के द्वारा जो हमे मार्गदर्शन प्रदान किए गए हैं, हम उसकी शत प्रतिशत पालना करेंगे व जो नवीन तथ्य की हमे जानकारी हुई है, उसका अनुसरण करते हुए हम और अच्छा कार्य करने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर मंडल के सभी वरिष्ठ शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।