2047 में भारत पूरे विश्व में सबसे शक्तिशाली बनेगा : ऐसा संकल्प लें युवा: चौधरी

मिर्धा कॉलेज सभागार में नेहरू युवा केंद्र का मेगा युवा उत्सव 2022 अनेक प्रतियोगिताओं के साथ संपन्न

विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

विनय एक्सप्रेस समाचार, नागौर। पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी ने कहा कि आने वाला समय भारत का है। भारत पूरे विश्व में तेजी से एक शक्ति के रूप में उभर रहा है। अब 2047 में जब भारत की आजादी को पूरे 100 साल हो जाएंगे ऐसे में युवा वर्ग संकल्प लें कि उनका भारत विश्व में सबसे शक्तिशाली बने। यदि देश का युवा वर्ग ये संकल्प लेकर फील्ड में उतरेगा तो हमारा भारत विश्व की शक्ति बनेगा। वे यहां मिर्धा कॉलेज सभागार में नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित मेगा युवा उत्सव 2022 के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

चौधरी ने कहा कि आज भारत तेजी से विकसित हो रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति भी यह मान चुके हैं कि अमेरिका में रह रहे भारतवंशी अमेरिकियों से आगे निकल रहे हैं इसीलिए उन्होंने कहा कि अमेरिका में भारतवंशी हर क्षेत्र में अमेरिकी युवाओं से आगे निकल रहा है। उन्होंने रूस् युक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि तिरंगा पूरे विश्व की ताकत बन गया है। जिन लोगों के हाथों में तिरंगा था उन्हें युद्ध क्षेत्र से सम्मान निकलने दिया गया। यही हमारे भारत का पराक्रम है। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पदमश्री हिम्मताराम भांभू ने कहा कि यदि हम कोई लक्ष्य लेकर काम करते हैं तो उसमें सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं में आत्मबल होगा तो वह दुनिया की हर प्रतियोगिता जीत सकता है। इसलिह अपने अंदर आत्मबल पैदा करो और आगे बढ़ो। कार्यक्रम में बीकानेर के जाने माने वरिष्ठ साहित्यकार मधु आचार्य आशावादी भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने हिटलर, मुसोलिनी जैसे तानाशाहो का जिक्र करते हुए स्पेन का उदाहरण देकर समझाया कि युवा वर्ग यदि ठान लें तो सरकार और उसके फैसलों को पलट सकता है। उन्होंने समझाया कि सत्ताएं सदैव हमें विभिन्न वर्गों में विभाजित करेगी लेकिन युवा संगठित और ऊर्जावान रहेगा तो देश आगे बढ़ेगा। अंग्रेजों की शिक्षा नीति घटिया थी वह शिक्षा केवल हमें साक्षर कर रही है इसलिए हमें साक्षर नहीं होना बल्कि शिक्षित होना है ये तभी संभव होगा जब हम अपने अंदर कोई स्किल डवलप करेंगे। मूंडवा बालिका सीनियर स्कूल के प्रिसिंपल बीएल कासनिया ने कहा कि यदि हम लक्ष्या रखेंगे तो हमें सफलता मिलेगी। इसलिए युवा पीढ़ी कोई लक्ष्य बनाकर अपने सपने देखे फिर वो जरूश्रत सफल होगी। व्याख्याता प्रेमसिंह बुगासरा ने कहा कि 2047 के भारत युवाओं के कंधों पर ही सवार होगा इसलिए युवाओं से ही देश को उम्मीदें हैं। प्रशासन को जवाबदेही बनाने का काम युवा पीढी का है इसलि उसे जागरूक होना होगा। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व आईपीएस डा. अशोक चौधरी ने कहा कि युवाओं के अंदर ही विवेकानंद व दयानंद और भगतसिंह है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि 2047 का भारत तभी शक्तिशाली होगा जब युवा वर्ग मोबाइल से दूर होकर अपनी प्रतिभा को निखारेगा। उनहोंने नेहरू युवा केंद्र की ओर से आयोजित होने वाले युवा उत्सव में युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी पर जोर दिया तथा अनेक उदाहरणों के साथ युवाओं को आगे बढकर अपना भविष्य संवारने की सलाह दी। अंत में मिर्धा कॉलेज प्राचार्य डा. हरसुख छरंग ने कहा पत्थर की कहानी सुनाते हुए समझाया कि स्कूल कॉलेज के टीचर व लेक्चरर उस मजदूर की तरह है जो पत्थरों पर छैनी हथोडे पर बार बार वार करते हुए उसे पूजने योग्य बनाते हैं। जो विद्यार्थी गुरुजनों का आदर भाव कर उनकी सीख समझ लेता है वह खुद अपना भविष्य संवार लेता है। अंत में नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी सुरमयी शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार ज्ञापित किया। संचालन प्रहलाद झोरड़ा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक व युवा मौजूद थे।
युवा संवाद व सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम के दौरान 2047 के भारत पर युवा संवाद आयोजित हुआ। इसके बाद सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी हुई। युवाओं ने एक से एक उम्दा प्रस्तुतियां देते हुए दर्शक दीर्घा से खूब तालियां बटोरी। दोपहर एक बजे से लेकर शाम 6 बजे तक चले युवा उत्सव को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखा गया।

ये रहा प्रतियोगिताओं का परिणाम
नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी सुरमयी शर्मा ने सभी 6 प्रतियोगिताओ के देर शाम परिणाम घोषित किए। इस दौरान कविता प्रतियोगिता में प्रथम रेणुका पुरोहित, द्वितीय दीपिका जोशी तथा तीसरा स्थान मुस्कान कपूर को मिला। इसी प्रकार युवा संवाद प्रतियोगिता में गजराज कंवर ,अशोक कुमार, रामनिवास व अरिहंत का चयन हुआ । पेटिंग में रीतिका शर्मा प्रथम, खुशाली रांकावत द्वितीय तथ सुरेश साद तीसरे स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम हेमेन्द्र पालडिया, द्वितीय रामराज तथा तृतीय स्थान पर दीपाली रही। इसी प्रकार मोबाइल फोटोग्राफी में मुकेश बिश्नोई प्रथम रहे जबकि गौरव रांकावत दूसरे स्थान पर तथा पीयूष रांकावत तीसरे स्थान पर विेजेता रहे। अंत में सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में लक्ष्मी एण्ड पार्टी प्रथम स्थान पर रही। जबकि दूसरे स्थान पर कृष्णा एण्ड पार्टी तथा तीसरे स्थान पर मूंडवा स्कूल की कृष्णा एण्ड पार्टी रही। कार्यक्रम में विशेष सहयोग राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों भूमिक, सुशील, श्याम सुंदर, निवेदिता, अरशद, विनोद, कुलदीप, सुनील का रहा।