महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में संविधान पार्क का लोकार्पण व महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का शिलान्यास

भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या : राज्यपाल श्री मिश्र

विनय एक्सप्रेस समाचार, भरतपुर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि भारतीय संविधान शासन प्रणाली और राज्य को चलाने के लिए बनाया गया महत्वपूर्ण दस्तावेज ही नहीं है बल्कि यह वह मार्गदर्शक प्रकाश स्तंभ है, जिससे हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का संचालन होता है।
राज्यपाल श्री मिश्र संविधान दिवस के अवसर पर शनिवार को भरतपुर के महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में नवनिर्मित संविधान पार्क के लोकार्पण के अवसर पर संबोधित कर रहे थे । उन्होंने महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा का शिलान्यास किया और भारतीय संविधान और संस्कृति विषयक संगोष्ठी का शुभारम्भ भी किया।
कुलाधिपति श्री मिश्र ने कहा कि भारतीय संविधान विश्वभर के लोकतंत्रों की सर्वश्रेष्ठ व्याख्या है। इसमें अधिकारों के साथ-साथ नागरिकों को कर्तव्यों के बारे में भी सचेत किया गया है। उन्होंने संविधान दिवस के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में संविधान पार्क बनाने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को  संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ संविधान प्रदत्त मूल कर्तव्यों की पालना के लिए भी जागरूक करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि संविधान, संस्कृति और राष्ट्र तीनों एक दूसरे के पूरक है इन तीनों में से किसी एक को अलग नहीं किया जा सकता । संविधान की मूल प्रति के हर पन्ने पर भारतीय संस्कृति से जुड़ी चित्रकृतियां हैं। संविधान की मूल प्रति पर नटराज का स्वरूप भी अंकित है, तो मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम और कर्म का संदेश देते हुए भगवान श्रीकृष्ण का भी स्वरूप है। शांति का उपदेश देते भगवान बुद्ध संविधान की मूल प्रति पर अंकित किए गए हैं तो वैदिक यज्ञ संपन्न कराते ऋषि-मुनियों के सुंदर रेखांकन भी उकेरे गये हैं। देश के प्रख्यात कलाकार नंदलाल बोस और शांति निकेतन के उनके छात्रों ने भारतीय इतिहास की विकास यात्रा को दर्शाने वाले चित्र मूल प्रति में बनाए।  संविधान में राष्ट्रीय चिह्न अशोक स्तंभ को संविधान के पहले पन्ने पर लगाया गया है और हड़प्पा की खुदाई में मिले घोड़े, शेर, हाथी की सुनहरी सज्जा की गयी है। इसी में संविधान की प्रस्तावना को सजाया गया।
राज्यपाल श्री मिश्रा ने महाराजा सूरजमल को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने वीरता और शौर्य के साथ सूझबूझ, दूरदर्शिता से अपने साम्राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।  मुगल शासकों को ही उन्होंने अपने पराक्रम से नहीं हराया बल्कि उन्होंने राजस्थान के इतिहास को नई ऊंचाइयां प्रदान की। महाराजा सूरजमल अद्भुत युद्ध कौशल के धनी थे और अपने जीवन में वह कभी नहीं हारे । राज्यपाल श्री मिश्र ने  महाराजा सूरजमल के युद्ध कौशल, जीवन मूल्यों, धरोहर और उनके योगदान के बारे में शोध कार्य को प्रोत्साहन देने का सुझाव भी विश्वविद्यालय को दिया ।
पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री श्री विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में महाराजा सूरजमल से सम्बंधित सामग्री का संग्रहालय स्थापित किया जाये जिससे उनके इतिहास के बारे में आमजन को जानकारी मिल सके। उन्होंने विगत दिनों एक टीवी चौनल पर महाराजा सूरजमल की छवि धूमिल करने के सम्बंध में की गयी नकारात्मक टिप्पणी पर खेद व्यक्त किया।
भरतपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रंजीता कोली ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर हुए संविधान पार्क के लोकार्पण के पश्चात भावी पीढ़ी को संविधान के सम्बंध में जानने की जिज्ञासा जाग्रत होगी जिससे वे संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आज हिन्दू धर्म रक्षक महाराजा सूरजमल की विशाल प्रतिमा का शिलान्यास हुआ है।
कैसा है संविधान पार्क
महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय में नवनिर्मित ‘‘संविधान पार्क’’के सबसे ऊपर संविधान ग्रन्थ की छवि है जिसे गण एवं तंत्र दो पृष्ठों में अंकित किया गया है। इसी मूर्ति में गणतंत्र को लोगों ने थामे रखा है इसके नीचे भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा रहा है। इसके नीचे अधिकारों का उल्लेख है तो दूसरी ओर कर्तव्यों को भी अंकित किया गया है।

टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर राज्यपाल ने ली बैठक
कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल श्री मिश्र ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि टीबी मुक्त भारत अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ ही स्थानीय भामाशाहों का भी सहयोग लें।
कार्यक्रम की शुरूआत में राज्यपाल ने उपस्थित जन को संविधान की उद्देशिका का वाचन और मूल कर्तव्य का पठन भी करवाया।
कार्यक्रम में भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय के कुलपति श्री जे.पी. यादव, महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय के कुलपति श्री आर. के. सिंह धाकरे, संभागीय आयुक्त श्री सांवरमल वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, जिला कलक्टर श्री आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक श्री श्याम सिंह, कुलसचिव श्री सुभाष शर्मा, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री गंगाराम पाराशर सहित जिला प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।