


















विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। प्रदेश में भाषा एवं पुस्तकालय विभाग के तहत संचालित राज्य, मंडल और जिला स्तर पर संचालित राजकीय सार्वजनिक पुस्तकालयों में ‘यूथ को जोड़ो‘ अभियान का संचालन किया जाएगा। इसके लिए सम्बंधित पुस्तकालयाध्यक्ष उनकी लाईब्रेरी की विशेषताओं पर आधारित ‘ब्रोशर‘ तैयार करेंगे, फिर आगामी जुलाई-अगस्त माह में अपने क्षेत्र में स्थित 25 से 30 संस्थानों में जाकर विशेष ‘कैम्पेनिंग‘ करेंगे। स्कूल शिक्षा तथा भाषा एवं पुस्तकालय विभाग के शासन सचिव श्री नवीन जैन ने शुक्रवार को शिक्षा संकुल में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों के इस अभियान के बारे में निर्देश दिए। इसमें सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्यों की भी भागीदारी होगी। श्री जैन ने कहा कि लाईब्रेरीज से नए रीडर्स को जोड़ने के लिए सभी स्तरों पर नियमित प्रयास हो और पाठकों को पुस्तकालयों में आज के समय की जरूरतों के अनुरूप संदर्भ सामग्री एवं पाठय पुस्तकेऊ उपलब्ध कराने पर फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि राजकीय पुस्तकालय और वाचनालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नियमित तौर पर आने वाले युवा और विद्यार्थियों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखते हुए सामान्य ज्ञान से सम्बंधित सामग्री को नियमित तौर पर अपडेट किया जाए।

















