स्टेनोग्राफर परीक्षा 2024 का स्किल टेस्ट एक ही पारी में संपन्न

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। स्टेनोग्राफर स्किल परीक्षा 2024 का पुनः स्किल टेस्ट का आयोजन रविवार को जयपुर के आर्या कॉलेज और ग्लोबल कॉलेज में किया गया। अभ्यर्थियों के अनुसार इस बार की परीक्षा का लेवल अच्छा था, साथ ही परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं भी दुरुस्त थी । राजस्थान निजी सहायक संवर्ग महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष श्री पृथ्वी सिंह राठौड़ ने बताया कि कार्मिक विभाग के शासन सचिव और बोर्ड के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपकर उनसे पुनः आयोजित परीक्षा में केवल पूर्व में उपस्थित अभ्यर्थियों को ही शामिल करने का निवेदन किया, इसके साथ ही परीक्षा को एक ही दिन एक ही पारी में संपन्न करवाने और एआई वॉयस को इस्तेमाल ना करने को लेकर भी निवेदन किया था। ज्ञापन में दिए गए सभी सुझावों को मानने पर श्री राठौड़ द्वारा बोर्ड के चेयरमैन को धन्यवाद ज्ञापित किया गया, साथ ही पेपर लीक मामलों पर रोक लगाने और तय समय पर परीक्षाओं को आयोजित करवाने को लेकर राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की भी भूरी भूरी प्रशंसा की। विदित है कि दिनांक 23 मार्च को सम्पन्न हुई स्टेनोग्राफर स्किल परीक्षा 2024 में अभ्यर्थियों की शिकायत के बाद राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड(RSSB) ने पुनः परीक्षा आयोजित करवाने का निर्णय लिया।