

विनय एक्सप्रेस समाचार, नई दिल्ली/बीकानेर। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के 50 से अधिक पदाधिकारियों ने दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर होटल उद्योग और पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख मांगें रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने होटल उद्योग के लिए कर रियायतें और हेरिटेज मान्यता के विस्तार की मांग की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेष निमंत्रण पर बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, माउंट आबू, सीकर, सवाई माधोपुर और उदयपुर संभागों के पदाधिकारी 19 और 20 अगस्त को दिल्ली में थे। पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन, मुगल गार्डन, प्रधानमंत्री संग्रहालय और अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया, जबकि दूसरे दिन लोकसभा सत्र का अवलोकन किया।

फेडरेशन संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने बताया कि मुलाकात में 1000 रुपये तक के कमरे पर जीएसटी छूट, 20 लाख की छूट सीमा को 40 लाख करने, हेरिटेज बिल्डिंग की मान्यता 1951 से बढ़ाकर 1970 करने और होटल उद्योग को 5% जीएसटी श्रेणी में शामिल करने की मांग की गई। बैठक में फेडरेशन अध्यक्ष हुसैन खान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक महेश्वरी, उदयपुर संभाग अध्यक्ष राकेश चौधरी, जोधपुर संभाग अध्यक्ष पवन मेहता, भरतपुर संभाग अध्यक्ष अनुपम सिंह, माउंट आबू अध्यक्ष अरविंद, बीकानेर संभाग अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, महासचिव खुशाल पारीक सहित सभी संभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।यह दौरा होटल उद्योग और पर्यटन क्षेत्र के हितों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













