विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

News

सोशल मीडिया बना मौत का जाल : जनरेटर के बहाने बुलाकर व्यापारी और उसके साथी का डबल मर्डर

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|2 मिनट पढ़ें
सोशल मीडिया बना मौत का जाल : जनरेटर के बहाने बुलाकर व्यापारी और उसके साथी का डबल मर्डर

शाहजहाँपुर पुलिस ने 1.10 लाख के इनामी 6 शातिर अपराधियों को पकड़ा

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर ।कोटपूतली-बहरोड़ जिले की शाहजहाँपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ब्लाइंड डबल मर्डर केस का खुलासा किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी व्यापारी अशोक कुमार और उनके साथी विकास मिस्त्री की हत्या के आरोप में 6 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिन पर कुल ₹1 लाख 10 हजार का इनाम घोषित था।

ठगी से लेकर निर्मम हत्या 

एसपी देवेंद्र कुमार विश्नोई ने बताया कि अपराधियों ने सोशल मीडिया पर जनरेटर बेचने का झूठा विज्ञापन देकर पीड़ितों को फंसाया। इस विज्ञापन को देखकर व्यापारी अशोक कुमार ने उनसे संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें जयपुर और फिर 20 सितंबर को नारनौल (हरियाणा) बुलाया गया। नारनौल से अभियुक्त दोनों को बोलेरो गाड़ी में बंधक बनाकर जखराना की पहाड़ियों में ले गए। पहाड़ियों में पहुंचने के बाद अपराधियों ने पीड़ितों के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की और उनके मोबाइल व एटीएम कार्ड छीन लिए। उन्होंने पीड़ितों के बैंक खातों से लगभग ₹7 लाख निकाल लिए। जब अशोक कुमार ने अपने दूसरे खाते की जानकारी देने से इनकार कर दिया तो गुस्से में आकर अपराधियों ने 21 सितंबर की सुबह तड़के दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उन्होंने पहचान छिपाने के लिए दोनों शवों को घटनास्थल से लगभग 50 किलोमीटर दूर शाहजहाँपुर इलाके में दो अलग-अलग कुओं में फेंक दिया। ये शव 23 सितंबर को बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। गिरफ्तार अभियुक्तों में से अजीत उर्फ दाना बहरोड़ सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर तथा एक अन्य अभियुक्त इन्द्रजीत उर्फ कोतवाल पर पहले से ही हत्या सहित कई गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी भी जब्त कर ली है। इस पूरे ऑपरेशन में शाहजहाँपुर थाने के कांस्टेबल ओमप्रकाश की विशेष भूमिका रही, जिसके चलते पुलिस इस जटिल मामले का खुलासा कर पाई। मामले में आगे की जाँच और अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।  

शेयर करें: