लोकतंत्र तभी जीवंत है जब युवा उसकी धड़कन बने : राजस्थान निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह का युवाओं को जोशीला संदेश

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर. “युवा सिर्फ़ मतदाता नहीं, लोकतंत्र के भविष्य के निर्माता हैं। यदि वे राजनीतिक दलों की नीतियों, उम्मीदवारों के चरित्र और आपराधिक रिकॉर्ड का गहन अध्ययन करेंगे, तभी भारत का लोकतंत्र बाबा साहब के स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के सपने को साकार कर पाएगा।”
यह प्रेरक संदेश दिया राजस्थान राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने आज सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज, जयपुर में “मतदान का अधिकार : जनतंत्र का आधार” विषयक युवा गोष्ठी को संबोधित करते हुए। ज़ेवियर्स इलेक्टोरल लिटरेसी सोसायटी, उन्नत भारत अभियान एवं ज़ेवियर्स वोकेशनल इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों युवा शामिल हुए।