विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

Breaking News

राजस्थान सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 65 आईएएस अधिकारियों का किया ट्रांसफर : निशांत जैन बने बीकानेर के नए जिला कलेक्टर

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|3 मिनट पढ़ें
राजस्थान सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 65 आईएएस अधिकारियों का किया ट्रांसफर : निशांत जैन बने बीकानेर के नए जिला कलेक्टर

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर/बीकानेर। राजस्थान सरकार ने मंगलवार देर रात्रि को 65 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के स्थानान्तरण का बड़ा आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टर, सचिव व कमिश्नर बदले गए हैं। जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी’’ को मुख्यमंत्री के सचिव एवं शासन सचिव सूचना एवं जनसंपर्क के पद पर नियुक्त किया गया है, जबकि ’’गौरव अग्रवाल’’ को उदयपुर जिले का नया जिला कलेक्टर बनाया गया है। ’’आलोक रंजन’’ को जोधपुर का जिला कलेक्टर और ’’जोगाराम’’ को शासन सचिव व आयुक्त पंचायतीराज विभाग के साथ मिशन निदेशक एनएचएम का प्रभार सौंपा गया है, जयपुर जिला कलक्टर पद पर संदेश नायक को लगाया गया है वहीं नमित मेहता को आयुक्त आबकारी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है।

बीकानेर जिले के कलेक्टर पद पर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी ’’निशांत जैन’’ को नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के सचिव के पद पर तैनात थे। निशांत जैन इससे पहले पर्यटन विभाग के निदेशक रह चुके हैं। उन्होंने पर्यटन विभाग में कार्य करते हुए राजस्थान दिवस के भव्य आयोजनों के लिए सराहना बटोरी थी। जालोर और बाड़मेर में जिला कलेक्टर के रूप में भी उन्होंने अपनी कार्यशैली से छाप छोड़ी थी।

जानिए कौन है निशान्त जैन ?

निशांत जैन का जन्म 30 अक्टूबर 1986 को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हुआ था। वे 38 वर्षीय हैं और एक साधारण मध्यवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने हिंदी माध्यम से संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा 2014 में ’’ऑल इंडिया रैंक 13’’ हासिल की थी और हिंदी माध्यम के टॉपर बने थे। यह उनका दूसरा प्रयास था। पहली बार असफलता के बाद उन्होंने संसद में अनुवादक के रूप में काम किया और फिर तैयारी जारी रखी।

शिक्षा

  • बीए (अंग्रेजी) – चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ
  • अनुवाद में पीजी डिप्लोमा – इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू)
  • हिंदी में एमफिल और पीएचडी – दिल्ली विश्वविद्यालय
  • मास्टर्स इन पब्लिक मैनेजमेंट

उनका वैकल्पिक विषय हिंदी साहित्य था।

करियर हाइलाइट्स

  • पर्यटन विभाग निदेशक (2020-2022): राजस्थान पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका। राजस्थान दिवस समारोहों को भव्य बनाने के लिए सराहे गए।
  • जिला कलेक्टर, जालोर (2022): पहली डीएम पोस्टिंग। कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और चुनाव प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य।
  • जिला कलेक्टर, बाड़मेर (2024): यहां भी सराहनीय कार्य।
  • जेडीए सचिव: जयपुर विकास प्राधिकरण में पारदर्शिता और विकास कार्यों पर फोकस।
  • अन्य पद: अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त, वित्त (कर) विभाग में संयुक्त सचिव, माउंट आबू और कोटड़ा में एसडीएम, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय में सहायक सचिव।

उपलब्धियां : निशांत जैन को कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार मिल चुके हैं, जिनमें चुनाव प्रबंधन, टीबी मुक्त भारत अभियान, लोक शिकायत निवारण और दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े सम्मान शामिल हैं। वे लेखक भी हैं। उनकी पुस्तकें ‘रुक जाना नहीं’ और ‘मुझे बनना है यूपीएससी टॉपर’ लोकप्रिय हैं। वे युवाओं को प्रेरित करने वाले मोटिवेशनल स्पीकर भी हैं।

उल्लेखनीय है कि निशांत जैन साहित्य, संस्कृति, पुस्तकों, यात्रा, संगीत और सिनेमा के शौकीन हैं।

शेयर करें: