विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

News

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने ली विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक : प्रत्येक तहसीलदार को 100 अवैध जल कनेक्शन काटने का दिया टार्गेट

विनय थानवी||5 मिनट पढ़ें
जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने ली विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक : प्रत्येक तहसीलदार को 100 अवैध जल कनेक्शन काटने का दिया टार्गेट
विनय एक्सप्रेस समाचार, जोधपुर। जिला कलक्टर श्री गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ राजस्व मामलों, जल जीवन मिशन, सड़क सुरक्षा सप्ताह, सम्पर्क पोर्टल सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक तहसीलदार को 100 अवैध जल कनेक्शन काटने का टार्गेट दिया। ताकि टेल एंड तक पेयजल की आपूर्ति सुचारू की जा सकें। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों से संवेदना के साथ कार्य कर आमजन को ज्यादा से ज्यादा राहत देने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने उपपंजीयक विभाग की इनकम टारगेट एंड अचीवमेंट प्रगति की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने उपपंजीयक द्वारा जोधपुर एवं जोधपुर ग्रामीण के
राजस्व के पुराना बकाया राशि वसूली, कुड़की की स्थिति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
श्री अग्रवाल को सीएमएचओ रूरल ने आरसीएच एक्टिविटीज की स्टेट रैंकिंग, मच्छर जनित बीमारियों का सर्वे, मुख्यमंत्री चिरंजीवी जीवन रक्षा योजना, लैंड की अनुपलब्धता सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी दी। इसी प्रकार जोधपुर विद्युत वितरण निगम ने पीएम सूर्यधर मुक्त बिजली योजना, घरों के लिए उपयुक्त रूफटॉप पर सोलर, कुसुम योजना ध्यान आकृष्ट किया। श्री अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों इसमें आवश्यक सुधार कर रैंकिंग सुधारने पर जोर दिया। साथ ही, अधिकारियों को समन्वित भाव से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायतों में नरेगा में लेबर की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने नरेगा लेबर का लक्ष्य 1 लाख तक पंहुचाने के लिए संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि नरेगा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी, जो लापरवाही करेगा उसके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
श्री अग्रवाल ने राजस्व वादों का निस्तारण तय समय पर करने के निर्देश दिए।  साथ ही, 6 माह,  1 वर्ष , 2 वर्ष ,3 वर्ष,  5 वर्ष एवं 10 वर्ष से लंबित चल रहे राजस्व न्यायालय के प्रकरणों, नोटिस तामिली की प्रगति, रिकॉर्ड तलबी की प्रगति, तहसील एवं उपखंड स्तर विभिन्न धाराओं के लंबित प्रकरण, राजस्थान भू राजस्व अधिनियम की धारा 91 के मामलों की स्थिति पर चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गंभीरता को समझते हुए, तय समय में कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी उपखंड अधिकारी नोटिस तामिली रजिस्टर्ड डाक से करें। ताकि समय की बचत एवं तामिली सुनिश्चित हो सकें।
जिला कलक्टर ने कहा कि खनन विभाग के अधिकारियों को निरंतर अभियान चला कर अवैध खनन पर कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन को रोकने, खनन विभाग द्वारा खनन, निर्गमन और भंडारण के विरुद्ध की गई कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की।
जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि सभी विभाग मानसून में सघन वृक्षारोपण महाअभियान में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सम्पूर्ण जिले में पौधारोपण सघन स्तर पर किया जाए। साथ ही, सभी विभाग बारिश के दौरान विभागवार पौधारोपण का टार्गेट पूरा करें।
जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को विभागीय कार्य राजकाज के ई-फाइल सिस्टम के जरिए करने के निर्देश दिए । उन्होंने बताया कि ई-फाइलिंग के माध्यम से पत्राचार करने से समय की बचत होगी। साथ ही, आमजन को जल्द राहत मिलेगी ।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज. सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, सभी राजस्व अधिकारी राजस्व प्रकरणों में उपखंड एवं तहसीलवार लक्ष्य निर्धारित कर प्रकरणों का तय समयसीमा में निस्तारण करें।

विभागीय कार्यों की समीक्षा की

जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम विधानसभा प्रश्नों, मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों, विभिन्न आयोगों से प्राप्त प्रकरणों, सम्पर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों की समीक्षा की। साथ ही, अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में राजस्व प्रकरणों का निस्तारण, लंबित पीएलपीसी प्रकरण, 6 माह से अधिक लंबित प्रकरणों, ई फाइलिंग के तहत कार्यों का निस्तारण, विभिन्न विभागों से संबधित राज्य स्तरीय लंबित प्रकरणों की स्थिति, जल जीवन मिशन के तहत जल कनेक्शन, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों व हॉस्पिटल में जल एवं विद्युत कनेक्शन, जमाबंदी सेग्रिगेशन, कैडस्ट्रल मैप डिजिटाईजेशन, तरमीम कार्य प्रगति एवं मॉडर्न रिकॉर्ड रूम रिपोर्ट, सर्वे एवं रिसर्वे कार्य की प्रगति, नरेगा के तहत चल रहे कार्यों की स्थिति सहित विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

भू-रूपांतरण और लंबित आवेदनों का समयबद्ध करें निस्तारण

बैठक में जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने  राजस्व अधिकारियों को राजस्व कार्यों को मिशन मोड पर लेकर उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ न्यायालयों में जो लंबित मामले चल रहे है, उनसे संबंधित अधिकारी मिशन मोड पर लेकर उनका निस्तारण करने के साथ ही विचाराधीन मामलों के निस्तारण के लिए प्रगति लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में नामांतरण के मामले जो वर्षों से लंबित चल रहे हैं, उनकों आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाकर प्राथमिकता से निस्तारण करें। साथ ही, भू-रूपांतरण और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करें।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. धीरज कुमार सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम श्रीमती दीप्ति शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर द्वितीय श्री रतन लाल योगी, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री प्रहलाद सहाय नागा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर द्वितीय श्रीमती श्वेता कोचर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर तृतीय श्रीमती सुनीता पंकज, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जोधपुर ग्रामीण श्रीमती सीमा कविया, सभी विभागों के, उपखण्ड, तहसील सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें: