विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

Breaking News

कोटा प्रसूता स्वास्थ्य प्रकरण: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, उपचार में नहीं रहेगी कोई कमी, देर रात किया औचक निरिक्षण — गायत्री राठौड

विनय थानवी||अपडेट: 10 जून 2026|2 मिनट पढ़ें
कोटा प्रसूता स्वास्थ्य प्रकरण: दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई, उपचार में नहीं रहेगी कोई कमी, देर रात किया औचक निरिक्षण — गायत्री राठौड
विनय एक्सप्रेस समाचार, कोटा. Report By : विनय थानवी. प्रसूताओं के स्वास्थ्य बिगड़ने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ सोमवार को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल, कोटा पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा बेहतर एवं समुचित उपचार का भरोसा दिलाया। प्रमुख शासन सचिव ने ICU एवं नेफ्रोलॉजी वार्ड का निरीक्षण कर चिकित्सकों से मरीजों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जयपुर एवं कोटा के वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में प्रसूताओं का उपचार जारी है और इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।   इस दौरान आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रमुख शासन सचिव ने अस्पतालों के ICU, इमरजेंसी एवं ऑपरेशन थिएटर में ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल, संक्रमण नियंत्रण एवं स्टरलाइजेशन की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला अस्पतालों से लेकर PHC एवं CHC स्तर तक संक्रमण मुक्त उपचार व्यवस्था बनाए रखने, उपकरणों एवं मशीनों के नियमित स्टरलाइजेशन तथा वरिष्ठ चिकित्सकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपचार प्रोटोकॉल की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कोटा प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच जारी है तथा प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए चिकित्सकों एवं नर्सिंग कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा चुकी है।  

शेयर करें: