पोलियो की खुराक के साथ मिलेगा चिरंजीवी योजना का ज्ञान : पल्स पोलियो अभियान 18 सितंबर से

मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना का भी करेंगे प्रचार-प्रसार

विनय एक्सप्रेस समाचार, नागौर। जिले में 18 सितम्बर 2022 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया जायेगा। यह अभियान तीन दिवस तक चलाया जायेगा। इस दौरान जिले के 5 वर्ष तक के समस्त लक्षित बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन की दो-बूंद पिलाई जायेगी।

इस बार पल्स पोलियो की खुराक पिलाने के साथ-साथ बच्चों के अभिभावकों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में भी संपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉं. महेश वर्मा ने बताया कि 18 सितम्बर को आयोजित किये जाने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के दौरान प्रथम दिवस बूथ पर समस्त लक्षित बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी।

अभियान के तहत ’दो दिन घर-घर सर्वे कर टीकाकरण के साथ चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से जुड़ने के लिये आमजन को प्रेरित किया जाएगा। यह जन स्वास्थ्य कल्याणकारी कार्य राजकीय चिकित्सा संस्थानों से लेकर उप स्वास्थ्य केन्द्र व बाकि के दो दिन घर-घर तक किया जाएगा। यह काम चिकित्साधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व आशा सहयोगिनी द्वारा किया जाएगा।

सीएमएचओ डॉ. वर्मा ने बताया कि पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान 18 सितम्बर के बाद आगामी दो दिवस में चिकित्साकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर गठित टीमों द्वारा भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाकर आमजन को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी दी जायेगी।

योजना से जुड़ने के लिये आमजन को प्रेरित किया जायेगा। अभियान के तहत चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के विशेष प्रचार प्रसार के माध्यम से जागरूक किया जायेगा।

इसके अलावा शत-प्रतिशत बच्चां को पोलियो की दवा पिलवाने के लिए चिकित्सा विभाग द्वारा कार्मिकों को प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के साथ हीं सभी आवश्यक तैयारियां जिला स्तर से की जा रही है। आरसीएचओ डॉ. मुश्ताक अहमद ने बताया कि जिले में पोलियो अभियान के इस चरण मे जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों मे निवास करने वाले 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को सुबह 8 बजे से सायं 4 बजे तक पोलियो की खुराक पिलाई जावेगी।