मानासर ओवरब्रिज का स्लेब मरम्मत कार्य शुरू, आगामी दो से तीन दिन में यातायात होगा डायवर्ट
विनय एक्सप्रेस समाचार, नागौर। जिला मुख्यालय पर समपार फाटक सं.-64 (मानासर फाटक) पर आरओबी के क्षतिग्रस्त स्लेब मरम्मत कार्य के सम्पादन के दौरान मानासर फाटक आरओबी पर यातायात का आवागमन सुरक्षा की दृष्टि से रोकने व परिवर्तित करने के सम्बन्ध में जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर पुरोहित के निर्देशन पर अतिरिक्त जिला कलक्टर चम्पालाल जीनगर, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता बस्तीराम डिडेल, उपखण्ड अधिकारी व आयुक्त नगरपरिषद गोविंद सिंह भींचर, यातायात पुलिस उपाधीक्षक उम्मेद सिंह, एनएच अधिषाशी अभियंता दीपक परिहार सहित अधिकारियों ने मौका निरीक्षण कर आरओबी के मरम्मत कार्य पूर्ण होने तक की यातायात व्यवस्था को लेकर जायजा लिया।
जिला कलक्टर ने बताया कि शहर में मानासर रेलवे ओवरब्रिज के चल रहे स्लेब मरम्मत कार्य को लेकर ओवरब्रिज से गुजरने वाले वाहनों के लिए यातायात डायवर्ट रहेगा। बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान वाहन चालकों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था व्यवस्थित तरीके से डायवर्ड करें तथा जहां आवश्यक हो वहां संकेतक बोर्ड व बेरिकेडिंग लगाना सुनिश्चित करें।
बैठक के बाद अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने मानासर रेलवे ओवरब्रिज, जोधपुर बाईपास, जोधपुर -बीकानेर रिंग रोड, बासनी चौराहा, बासनी रेलवे ओवरब्रिज, कॉलेज रोड, मूंडवा तिराहा आदि स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं देखी तथा यहां डायवर्ड यातायात को लेकर पीडब्ल्यूडी, एसडीओ, नगर परिषद व पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए रोड डायवर्ड से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा इसको लेकर विस्तृत प्लान तैयार कर लागू करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने यातायात पुलिस उपाधीक्षक को चिन्हित स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए।