पल्स पोलियो टीकाकरण महाअभियान 27 से : जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक बच्चे होंगे लाभान्वित

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने बनाया माइक्रोप्लान

विनय एक्सप्रेस समाचार, नागौर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम के तहत नागौर जिले में 27 फरवरी को पल्स पोलियो टीकाकरण महाअभियान-2022 की शुरूआत की जाएगी। इसे लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने माइक्रोप्लान तैयार कर लिया है।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मेहराम महिया ने बताया कि पल्स पोलियो टीकाकरण महाअभियान-2022 की शुरूआत 27 फरवरी को होगी। महाअभियान के पहले दिन जिले में निर्धारित किए गए बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 28 व 29 फरवरी को जिले में घर-घर जाकर वंचित बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

जिला प्रजनन एवं शिशु  स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुशताक अहमद ने बताया कि पल्स पोलियो टीकाकरण महाअभियान-2022 के तहत जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक बच्चों को लाभान्वित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन 27 फरवरी को जिले में निर्धारित किए गए कुल 2 हजार 191 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

इसके लिए कुल 9 हजार 124 टीकाकर्मी काम करेंगे, जिनकी मॉनिटरिंग के लिए 452 सुपरवाइजर बनाए गए हैं। महाअभियान के पहले दिन निर्धारित किए गए बूथों में से रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड तथा कच्ची बस्तियों में बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 65 ट्रांजिट बूथ भी बनाए गए हैं।