कानूनी जागरूकता और आउटरीच के माध्यम से नागरिकों का सशक्तिकरण अभियान के अर्न्तगत रैली का आयोजन

विनय एक्सप्रेस समाचार, जैसलमेर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर द्वारा चलाये जा रहे अभियान कानूनी जागरूकता और आउटरीच के माध्यम से नागरिकों का सशक्तिकरण अभियान एवं बुधवार को विधिक सेवा दिवस के अवसर पर पोकरण तालुका पर डॉ अजय कुमार विश्नोई अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, पोकरण अध्यक्ष, तालुका विधिक सेवा समिति पोकरण द्वारा पोकरण के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

डॉ अजय कुमार विश्नोई एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण के प्रधानाचार्य राजकुमार विश्नोई द्वारा रैली को हरी झण्डी दिखा कर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पोकरण से रवाना किया तथा रैली पोकरण के मुख्य बाजार से होकर पोकरण उप-अस्पताल से महादेव होटल से जयनारायण व्यास चौराहा होते हुए, विद्यालय में रैली का समापन किया। रैली में संविधान की प्रस्तावना, अनिवार्य शिक्षा का मौलिक अधिकार, बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाऐं और उनके संरक्षण के लिए विधिक सेवाऐं योजना 2015, बालविवाह रोकथाम, दहेज प्रथा रोकथाम इत्यादि तथा निःशूल्क विधिक सहायता, लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण, मध्यस्थता के माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण, राजस्थान पीडित प्रतिकर स्कीमों को रैली के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।

इसके साथ ही जल संरक्षण के संदर्भ में रालसा द्वारा चलाये जा रहे जागरूकता अभियान के तहत ’’जल जीवन है, जल अमृत है, जल जीवनदाता है, जल विघाता है’’, के माध्यम से आम जन को जल संरक्षण के लिए जागरूक किया।

रैली में विद्यालय के अध्यापक रजनीश कल्ला, राजेश कल्ला, मनु चौधरी, रेखा कल्ला, उषा किरण, ममता रंगा, दिनेश शर्मा, अन्जु चारण, मदनलालजी, हजूर आला, राधेकिशन पीएलवी राजेन्द्र कुमार उपस्थित रहे, आयोजन का सफल बनाया।