विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

News

जिला कलक्टर नमित मेहता ने जन सुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं का मौके पर ही किया निस्तारण

विनय थानवी||6 मिनट पढ़ें
जिला कलक्टर नमित मेहता ने जन सुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं का मौके पर ही किया निस्तारण
विनय एक्सप्रेस समाचार, पाली। जिला कलक्टर नमित मेहता ने पंचायत समिति सुमेरपुर की ग्राम पंचायत जवाई बांध एवं कोलीवाड़ा में मंगलवार को जन सुनवाई कर मौके पर ही आमजन की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने जवाई बांध ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए कहा कि सरकार ने लोगों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रखी है। जिसका फायदा पात्र लोगों को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिला अधिकारी अपने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी आपको दे रहे है। उसको समझकर पात्र लोगों को ज्यादा से ज्यादा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि सबको घर मिले इसके लिए विभिन्न आवसीय योजनाओं में मकानों का आवंटन किया जा रहा है साथ ही जिस गांव में सिवाय चक भूमि पर आबादी बस कई है वहां 100 मीटर क्षेत्र के प्लोट का पट्टा दिया जा सकता है। इसके लिए विकास अधिकारी स्तर से प्रस्ताव भिजवाए जा सकते है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जवाई बांध में पानी की कमी है इस वर्ष बांध में पानी कम आया है जिससे आगामी दिनों में पेयजल वितरण में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उपलब्ध जल संसाधनों का अत्यधिक उपयोग कर लोगों को पीने का पानी पहुंचाने के लिए कृत संकल्प है। इसके लिए आपातकालिन योजनाओं में कई कार्य स्वीकृत किए गए है। साथ ही परम्परागत जल स्त्रोतों से भी पानी सप्लाई करने की योजना है। उन्होंने कहा कि आगामी ग्रीष्म ऋतु में आमजन को भी पानी के महत्व को समझते हुए उसका दुरूपयोग न करते हुए कम से कम पानी से अपनी जरूरते पूरी करनी चाहिए और प्रशासन का सहयोग करते हुए अपने अपने क्षेत्र में परम्परागत जल स्त्रोतों से पानी की उपलब्धता की जानकारी साझा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नहरी किस्म भूमि के जो कायदे तय है उसके अनुरूप कार्यवाही करते हुए आमजन की शिकायतों को दूर करने के प्रयास किए जाए। नहरी क्षेत्रआवश्यक हो तो मनरेगा में ग्रेवल सड़क बनाने के प्रस्ताव भी तैयार किए जा सकते है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा दी गई परिवेदनाओं का जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में नये नाम जुड़वाने में एक-दो माह में पोर्टल पर कार्य शुरू होते ही पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में पांच लाख रुपये राशि का चिकित्सा बीमा कवर मिलता है। जिससे आमजन का इलाज बिना पैसे सुनिश्चित होता है। इस योजना के तहत सरकारी व निजी चिकित्सालय में विभिन्न बीमारियों का ईलाज किया जाता है। यह सरकार की महत्वकांशी योजना है जिसका लाभ सभी को उठाने के लिए अपना पंजीयन योजना में करवाना जरूरी है। जनसुनवाई में गणेश राम मीणा ने जनता जल योजना से पानी उपलब्ध कराने, भंवरलाल ने स्वास्थ्य भवन स्थानान्तरण, लहर कंवर व भरत कुमार ने पूरे गांव को जनता जल योजना से जुडे होने व 5 घंटों को वंचित रखने का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिस पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रकरणों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर फसल बीमा योजना, मनरेगा कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजना, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी से संबंधित योजना की विस्तार से जानकारी संबंधित अधिकारियों द्वारा दी गई। जनसुनवाई में सुमेरपुर उपखण्ड अधिकारी रिषभ मंडल, तहसीलदार गोपीकिशन, विकास अधिकारी आवडदान, अधीक्षण अभियंता एलआर वाघेला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अभिषेक, जनप्रतिनिधि सरपंच पुष्पादेवी सिपा, पंचायत समिति सदस्य जयनारायण सिपा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कोलीवाड़ा ग्राम पंचायत में की जनसुनवाई कोलिवाड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जनसुनवाई करते हुए जिला कलक्टर ने ग्रामीणजनों की समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर ही अधिकारी ग्रामीणजनों के परिवादों पर विशेष ध्यान देकर उनकी समस्याओं का निराकरण करे। जिला कलक्टर नमित मेहता ने ग्रामीण द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में उप स्वास्थ्य केन्द्र को पीएससी में क्रमोन्नत करने की मांग पर सीएमएचओ को नॉम्स के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोलीवाड़ा के आखरिया चौक में विद्युत लाईन के तारों को शीघ्र सही किया जाए अगर विद्युत लाईनों को शिफ्ट किया जाना है तो नॉम्स के अनुसार 50 प्रतिशत राशि ग्राम पंचायत को देनी होगी। जिसकी डिमाण्ड जारी की जाए। उन्होंने कहा कि कोलीवाडा में बिजली से संबंधित छोटी-मोटी समस्याओं का निस्तारण शीघ्र हो जाना चाहिए। उन्होंने आबादी में क्षेत्र में सिवाय चक के प्रस्ताव लिए जाए ओर अगर ऐरिया छोटा है तो उसका नियमानुसार निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर आदमी को घर मिले। अनावश्यक रूप से बड़ी जमीन पर कब्जा नहीं करे। इस कार्य में प्रशासन का सहयोग करे। जिन पुराने रहवासी मकानों को नियमित किया जा रहा है। उसमें नियमों का पूर्ण पालन करना जरूरी है। कोलीवाडा पंचायत समिति में माध्यमिक विद्यलाय को उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत करने के लिए प्रस्ताव उच्च स्तर पर भिजवाने, नई खानों के आवंटन से पूर्व जनसुनवाई भी होती है। ग्रामीणों द्वारा खानों में हो रहे ब्लास्टिंग से आ रही परेशानी की शिकायत पर उन्होंने उपखण्ड अधिकारी को मौका जांच कर रिपोर्ट भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार पानी की किल्लत रह सकती है। जवाई बांध में पानी कम है हम सबको मिलकर पानी बचाना जरूरी है उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर पानी सुलभ कराने का पूर्ण प्रयास किया जा रहे हैं। आपातकालीन योजना में काम स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में जो भी परम्परागत स्त्रोत है तो उसकी जानकारी उपखण्ड अधिकारी के संज्ञान में लाए। अणगोर में ओपनवेल पर अधिकारी तुरंत विचार कर प्रस्ताव तैयार करें। उन्होंने कहा कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में खेल मैदान बनाए जाएंगे। कोलीवाडा में भी खेल मैदान के प्रस्ताव भिजवाए जाने अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बच्चों के स्कूल खुल गए है सभी विद्यार्थी नियमित रूप से स्कूल जाए कोई भी शिक्षा से वंचित नहीं रहे। जनसुनवाई में जो परिवाद प्रस्तुत किए गए है। उसमें यथोचित कार्यवाही की जाएगी ओर कार्यवाही की जानकारी परिवादी को भी दी जाएगी। ग्रामीणों ने जनसुनवाई में बताया कि माईंस में ब्लास्टिंग से जलस्त्रोतों में जल स्तर घट रहा है। माइन्स आबादी के पास हैं। जिससे घरों में कम्पन्न होता है। पेयजल सप्लाई में समस्या आ रही है साथ ही बिजली संबंधी विद्युत लाईन के तार ठीले होने, बिजली के मीटर नहीं लगने संबंधी कार्य समय पर नहीं किए जा रहे है। उपखण्ड अधिकारी रिषभ मण्डल ने स्वागत करते हुए कहा कि जिला कलेक्टर स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के समाधन के लिए आए। सभी नागरिक अपनी समस्या लिखित व मौखिक रूप में रखे। उन्होंने जनसुनवाई में रखी गई शिकायतों के शीघ्र निराकरण करने की बात कहीं। कोलीवाड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित जन सुनवाई में पंचायत समिति सुमेरपुर की प्रधान श्रीमती उर्मिला कंवर, उप प्रधान गजेन्द्र सिंह राणावत, सरपंच तीजा देवी, पंचायत समिति सदस्य तुलाराम, अधीक्षण अभियंता पीडब्लूडी एलआर वाघेला, अधिशाषी अभियंता बाली फतेहसिंह, तहसीलदार गोपीकिशन, विकास अधिकारी आवडदान, सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक अभिषेक सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें: