रंगों से सजाए देश प्रेम के जज्बात, सैन्य कैंप रहा आकर्षण का केंद्र लुभा रही विभिन्न राज्यों की प्रदर्शनी : साहसिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक गतिविधियों में बिखरा उल्लास

विनय एक्सप्रेस समाचार, पाली। जिले के निम्बली रोहट में चल रही भारत स्काउट गाइड की 18वी राष्ट्रीय स्काउट गाइड जंबूरी में विविधता में एकता का मंत्र पग-पग पर गूंज रहा है। देश विदेश से आए स्काउट गाइड का यह समागम ग्लोबल विलेज की अवधारणा का साक्षात मूर्त रूप बना हुआ है। जंबूरी में तीसरे दिन का मुख्य आकर्षण सैन्य कैंप रहा। वहीं साहसिक बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में स्काउट गाइड का उत्साह देखते ही बन रहा है। तीसरे दिन भी जम्बूरी दर्शन के लिए आने वालों का तांता लगा रहा। देश भर से पहुंचे लोगों ने जंबूरी में भ्रमण किया।


राष्ट्रीय जंबूरी के तीसरे दिन की शुरुआत भी सुबह 6ः30 बजे बीपी सिक्स एक्सरसाइज (ब्रेडन पॉवेल द्वारा प्रतिपादित व्यायाम) के साथ हुई। सुबह 8ः30 स्काउट अधिकारियों ने सभी कैंप का निरीक्षण कर ध्वजारोहण किए। इसके बाद असेंबली एक्टिविटी शुरू हुई। इसमें साहसिक, मनोरंजक और बौद्धिक गतिविधियां आयोजित की गई। साथ ही नाइट हाइक के लिए रजिस्ट्रेशन भी किए गए।

रंगों से जीवंत हुआ आजादी का अमृत महोत्सव
तीसरे दिन शुक्रवार को रंगोली प्रतियोगिता हुई। आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान सहित सभी प्रांतों से आए स्काउट गाइड ने अपने-अपने कैंप में राष्ट्रीयता से सराबोर भावनाओं को रंगों से सजाया। स्काउट अधिकारियों सहित विजिटर्स ने इनका अवलोकन कर स्काउट गाइड का हौंसला बढ़ाया।

आकर्षण का केंद्र बना सैन्य कैंप
जम्बूरी में शुक्रवार को सजा भारतीय थल सेना का कैंप सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र रहा। स्काउट गाइड में देश प्रेम की भावना का संचार करने तथा भारत की सैन्य शक्ति से रूबरू कराने के लिए विभिन्न लड़ाकू टैंक्स सहित अन्य सैन्य हथियारों को प्रदर्शित किया गया। इन्हें देख कर शिविरार्थी और आगंतुकों के सीने गर्व से चौड़े हो गए।

साहसिक गतिविधियों ने डाला अचरज में
जम्बूरी में स्काउट गाइड की साहसिक गतिविधियां सभी को अचरज में डाले हुए हैं। जीप साइकिलिंग, बैलेंसिंग, क्लाइम्बिंग सहित वाटर एक्टिविटी में स्वयंसेवक उत्साह से भाग ले रहे हैं।

भारत दर्शन का अहसास करा रही प्रदर्शनियां
जंबूरी स्थल पर विभिन्न प्रांतों की प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सभी राज्यों से आए स्काउट गाइड ने अपने-अपने कैंप में संबंधित राज्यों की विशिष्ट हस्तशिल्प सामग्रियों आदि की प्रदर्शनी सजाई गई है। वहीं अपने वहां के विशिष्ट स्थलों की कृतियां भी निर्मित की हैं । उन्हें देखकर लोगो को भारत दर्शन का सा अहसास हो रहा है।