अगले पच्चीस सालों में भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा करने का संकल्प – अर्जुनराम मेघवाल

केंद्रीय संचार ब्यूरो की पाँच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। नयी पीढ़ी यदि जीवन के पथ पर चलते हुए अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ध्यान रखेगी तो न सिर्फ अपने व्यक्तिगत जीवन के लक्ष्यों को हासिल कर पाएगी बल्कि अपने देश के विकास में भी अपना बहुमूल्य योगदान दे पाएगी। उक्त उद्गार केंद्रीय संस्कृति व संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल ने व्यक्त किए। वह केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, जोधपुर, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित पाँच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। बीकानेर शहर में राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्रांगण में अमृतयात्रा (INDIA@2047) शीर्षक से केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर मंच पर बीकानेर की महापौर सुश्री सुशीला कँवर राजपुरोहित, प्राचार्य डॉ. गिरीशपाल सिंह, लीड बैंक मैनेजर श्री एम.एम.एल. पुरोहित आदि उपस्थित थे।

श्री मेघवाल ने रोचक प्रश्नों के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद कायम किया। उन्होंने कहा कि हमें अपनी विरासत का आदर करते हुए वैज्ञानिक सोच को अपनाने का प्रयास करना चाहिए। हमें अपने इतिहास की सही जानकारी भी हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।


कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए महापौर सुश्री सुशीला कँवर राजपुरोहित ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ सिर्फ संसाधनों के मामले में स्वयंपूर्ण होना नहीं है बल्कि देश का हर व्यक्ति सक्षम हो और बेहतर ढंग से अपने परिवार के दायित्व को निभा पाए, यह आत्मनिर्भर भारत की सही पहचान होगी। उन्होंने कहा कि लोगों को सक्षम बनाने के लिए जो योजनाएं सरकार के माध्यम से चलाई जा रही है, उसकी व्यापक जानकारी इस प्रदर्शनी में दी गई है। अब यह हमारा कर्तव्य है कि हम इसकी जानकारी जन-जन तक पहुँचाएं।


इस अवसर पर प्रदर्शनी के आयोजन का उद्देश्य विशद करते हुए क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री पराग मांदले ने कहा कि इस प्रदर्शनी में पिछले 75 सालों की भारत की विकास यात्रा को तो दर्शाया गया है ही, साथ ही आने वाले पच्चीस सालों में भारत के विकास की क्या दिशा और गति होगी, इसकी भी जानकारी दी गई है। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से इस प्रदर्शनी के अवलोकन का अनुरोध किया, ताकि सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने का उद्देश्य सफल हो सके। कार्यक्रम का संचालन श्री भारत भार्गव और आभार प्रदर्शन श्री के.सी. सोनी ने किया।


कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया और इसके विजेताओं को अतिथियों के हाथों पुरस्कार वितरित किए गए। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के पंजीकृत दल गौतम परमार एंड पार्टी बाड़मेर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुति दी गई।
इस मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा उनकी योजनाओं की जानकारी देने हेतु स्टॉल्स लगाए गए हैं। इनमें महिला व बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, जिला अग्रणी बैंक, डाक विभाग, पंचायत समिति प्रधानमंत्री आवास योजना, जिला उद्योग व वाणिज्य केंद्र, महिला अधिकारिता विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद विभाग आदि सम्मिलित हैं।
आगामी 18 जनवरी तक चलने वाली इस मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में आजादी के महानायक, राजस्थान के स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रमुख घटनाओं के साथ-साथ एक भारत श्रेष्ठ भारत, महिला सशक्तिकरण, आयुष्मान भारत, भारतीय जनऔषधि परियोजना, स्वच्छ भारत मिशन, फिट इंडिया, अग्निपथ योजना, किसानों से सम्बन्धित योजनाएं, पोषण और मिशन इंद्रधनुष योजना, गतिशक्ति योजना, नयी शिक्षा नीति सहित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं पर पैनल लगाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विविध योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें वर्चुअल रियलिटी, मोशन गेम्स, ऑनलाइन क्विज, 360 डिग्री कैमेरा, सेल्फी मिरर, विशाल एलईडी स्क्रीन, टीवी आदि के माध्यम से दर्शकों को मनोरंजक और आकर्षक ढंग से विभिन्न योजानाओं की जानकारी दी जा रही है और भविष्य के प्रौद्योगिकी सम्पन्न भारत के दर्शन कराये जा रहे हैं। इसके अलावा कई तरह की फिजिकल एक्टीविटी का समावेश भी इस प्रदर्शनी में किया जा रहा है।
यह प्रदर्शनी 18 जनवरी 2023 तक सुबह 10 से शाम 05 बजे तक आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। इस प्रदर्शनी का अधिक से अधिक लोगों से अवलोकन कर लाभ उठाने का अनुरोध विभाग द्वारा किया गया है।