विनय एक्सप्रेस

The Vinay Express Newsroom • Quality Broadsheet

Breaking News

आईईसी श्रीगंगानगर के जरिए जागरूक हो रहे जिलेवासी : सोशल मीडिया का सदुपयोग कर रहा स्वास्थ्य विभाग, हजारों लोग जुड़े

विनय थानवी||अपडेट: 8 जून 2026|3 मिनट पढ़ें
आईईसी श्रीगंगानगर के जरिए जागरूक हो रहे जिलेवासी : सोशल मीडिया का सदुपयोग कर रहा स्वास्थ्य विभाग, हजारों लोग जुड़े
विनय एक्सप्रेस समाचार, श्रीगंगानगर। सूचना एवं तकनीक के इस दौर में श्रीगंगानगर का स्वास्थ्य विभाग अब केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया के जरिए हर घर की स्क्रीन तक पहुंच रहा है। विभाग के आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) अनुभाग ने एक ऐसा डिजिटल नेटवर्क तैयार किया है, जिससे जिले के हजारों लोग सीधे जुड़कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। यही नहीं जिले से बाहर बैठे नागरिक भी आईईसी श्रीगंगानगर के सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए लाभान्वित हो रहे हैं। राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य विभाग का यह अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म अब जिले का सबसे विश्वसनीय सूचना स्रोत बन चुका है। विभाग की इस सक्रियता का परिणाम है कि आज लाखों की संख्या में लोग फेसबुक, इंस्ट्राग्राम, ट्विटर, यूट्यूब एवं थ्रेड सोशल मीडिया हैंडल्स पर विभाग के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हैं। विभाग का यह अनुभाग पल-पल आमजन तक जानकारी पहुंचाता है, फिर चाहे सर्दी हो या डेंगू का बढ़ता प्रकोप हो, टीकाकरण का विशेष शिविर हो या अन्य स्वास्थ्य सेवाएं। वहीं स्वास्थ्य संबंधी किसी भी भ्रामक जानकारी का तत्काल खंडन कर विभाग सही तथ्य जनता के सामने रखता है। सरकारी आदेशों को सरल पोस्टर, वीडियो और ग्राफिक्स में बदलकर आमजन की समझ के अनुसार पोस्ट साझा की जाती है ताकि शहर, कस्बों से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक जागरूकता बढ़े।सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन की शिकायतों और सुझावों पर विभाग की पैनी नजर रहती है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि विभाग की ओर से सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आईईसी श्रीगंगानगर के नाम से पेज संचालित किए जा रहे हैं। फेसबुक पेज एवं प्रोफाइल पर करीब एक लाख लोग जुड़े हुए हैं। ग़ौरतलब है कि कोविड काल में सबसे पुष्ट एवं तत्काल रिपोर्ट आईईसी श्रीगंगानगर के माध्यम से ही मिली थी। "डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य केवल प्रचार करना नहीं, बल्कि 'स्वस्थ श्रीगंगानगर' के संकल्प को सिद्ध करना है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अब अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक भी सुलभ है। हमारा लक्ष्य है कि स्वास्थ्य संबंधी सटीक जानकारी समय पर मिले ताकि बीमारियों से बचाव हो सके एवं आमजन जागरूक बनें।" -विनोद बिश्नोई-जिला आईईसी प्रभारी "सोशल मीडिया का सदुपयोग कर हमने लाखों लोगों तक पहुंच स्थापित की है और आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं, योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। जो नागरिक अब तक हमसे नहीं जुड़े हैं, उनसे अपील है कि आप आज ही आईईसी श्रीगंगानगर से जुड़ें : -डॉ. अजय सिंगला, सीएमएचओ

शेयर करें: