जागरूकता के साथ मनाया गया सुरक्षित मातृत्व दिवस : जिले की 1207 गर्भवती महिलाएं हुईं स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित

विनय एक्सप्रेस समाचार, श्रीगंगानगर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर माह की नौ तारीख को मनाया जाने वाला प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस बुधवार को मनाया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को गर्भकाल के दौरान रखे जाने वाली सावधानियों, बेहतर खान-पान एवं मौसमी बीमारियों के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही कोरोना से बचने के लिए प्रेरित कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
सीएमएचओ डॉ. गिरधारी मेहरड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुधवार को जिले में 78 स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान 1207 गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित करते हुए उन्हें जागरूक भी किया गया। बुधवार को राजकीय चिकित्सकों ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के जरिए गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित किया। अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों ने गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दी। पीएमएसएमए पर गर्भवती महिलाओं को विभाग की ओर से हर संभव स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह नौ बजे से महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती है। इस दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं एवं स्टाफ ने मास्क एवं सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए आवश्यक गतिविधियां आयोजित की।