सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर बीकानेर में ‘यूनिटी मार्च’ शुक्रवार को, कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने की तैयारियों की समीक्षा

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर।  सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को बीकानेर में ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन होगा। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मार्च सुबह 9 बजे कलेक्ट्रेट परिसर के सामने से शुरू होगा और गांधी पार्क, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, ब्रह्माकुमारी सर्किल होते हुए सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज पहुंचेगा। समापन पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसमें करीब तीन हजार लोग शामिल होंगे, जिनमें राजस्थान पुलिस, आरएसी, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के जवान, एनएसएस, एनसीसी, स्काउट-गाइड, खिलाड़ी, स्पोर्ट्स स्कूल के छात्र, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, फॉरेस्ट गार्ड, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक, नेहरू युवा केंद्र के प्रतिनिधि और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।

कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने मार्च रूट पर सफाई, पेयजल, मेडिकल टीम और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मार्च शुरू होने से पहले कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई जाएगी। सभी कार्यक्रमों के फोटो-वीडियो ‘माय युवा’ पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है।

बैठक में नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त अपर्णा गुप्ता, जिला परिषद सीईओ सोहनलाल, एसडीओ महिमा कसाना, सुमन छाजेड़, श्याम पंचारिया, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव, अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शुक्रवार को स्कूलों में प्रतियोगिताएं, पुलिस मार्च पास्ट
राष्ट्रीय एकता दिवस पर शुक्रवार को स्कूलों में मेगा पीटीएम के साथ निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी आदि प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पुलिस द्वारा मार्च पास्ट का कार्यक्रम भी होगा।

खेलो इंडिया की तैयारियां
कलेक्टर ने महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय में होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों की तैयारियों की समीक्षा की। 25-29 नवंबर तक वेटलिफ्टिंग और 1-5 दिसंबर तक कबड्डी प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें देशभर के खिलाड़ी भाग लेंगे। उद्घाटन-समापन, पुरस्कार वितरण, ठहरने-भोजन आदि व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।

यूनिटी मार्च पोस्टर का विमोचन
कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ के पोस्टर का विमोचन किया। देशव्यापी अभियान 6 अक्टूबर से शुरू होकर 6 दिसंबर को समाप्त होगा। राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।