पुरी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन कार्य के चलते पुरी-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस आंशिक रूप से रद्द

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। रेलवे द्वारा खुर्दा रोड मंडल के पुरी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन कार्य के लिए ब्लॉक लिए जाने के कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे पर संचालित पुरी-श्रीगंगानगर-पुरी एक्सप्रेस रेलसेवा को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 20471 श्रीगंगानगर–पुरी एक्सप्रेस, जो 7 जून एवं 14 जून 2026 को श्रीगंगानगर से रवाना होगी, वह पुरी स्टेशन तक नहीं जाकर मालतीपाटपुर स्टेशन तक ही संचालित की जाएगी। इस प्रकार यह रेलसेवा मालतीपाटपुर और पुरी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 20472 पुरी–श्रीगंगानगर एक्सप्रेस 10 जून एवं 17 जून 2026 को पुरी स्टेशन के बजाय मालतीपाटपुर स्टेशन से संचालित होगी। परिणामस्वरूप यह रेलसेवा पुरी और मालतीपाटपुर स्टेशनों के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर यात्रा करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।