जिला कलक्टर ने लंबित प्रकरणों का समय पर निस्तारण व कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

विनय एक्सप्रेस समाचार, फलौदी। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने गुरुवार को तहसील कार्यालय देचू का औचक निरीक्षण करते हुए कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन करते हुए कार्य व्यवस्था, अभिलेख संधारण तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन की शिकायतों एवं परिवेदनाओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि इन मामलों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित समय सीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलक्टर ने जाति प्रमाण-पत्र एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र से संबंधित प्रकरणों का प्रतिदिन निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र आवेदकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए। कार्यालय में अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा राजस्व प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही सफ़ाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए।






