जिले के कोविड संक्रमण से अनाथ 4 बच्चे मुख्यमंत्री के साथ मनायेंगे दीपावली पर्व

विनय एक्सप्रेस समाचार, भरतपुर। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने आदेश जारी कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा 21 अक्टूबर को कोविड-19 महामारी से अनाथ बालकों के साथ दीपावली मनाये जाने के संबंध में जिले के प्रतिभागियों को ले जाने की व्यवस्थाओं हेतु सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ब्लॉक सेवर डॉ रामरतन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।


आदेशानुसार मुख्यमंत्री निवास पर 21 अक्टूबर को मध्यान्ह 12ः30 बजे कोरोना महामारी से अनाथ हुए बच्चों के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दीपावली का पर्व मनायेंगे जिसमें भरतपुर जिले के 4 बच्चे भाग लेंगे जिनमें पंचायत समिति सेवर के वार्ड न. 26 की मारिया, ग्राम चक हथकोली निवासी आदित्य सिंह बहल, हिमांशी एवं प्रबल सिंह भाग लेंगे। इस दीपावली पर्व में शामिल होने हेतु बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ मुख्यमंत्री निवास पर ले जाने हेतु नोडल अधिकारी डॉ रामरतन उनके आवास से लाने एवं ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उनके सहयोग के लिए बाल अधिकारिता विभाग की कनिष्ठ सहायक श्रीमती रिचा शर्मा को नियुक्त किया गया है।