सिरोही, सीकर एवं भरतपुर में विभिन्न पर्यटन विकास कार्यों के लिए 21.54 करोड़ रूपए मंजूर

पर्यटन विकास कोष से करवाए जाएंगे कार्य-राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कर रही कार्य

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने सिरोही, सीकर एवं भरतपुर जिले में ऎतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण विभिन्न पर्यटन विकास कार्यों के लिए 21 करोड़ 54 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की है।

          प्रस्ताव के अनुसार, सिरोही जिले में 5 मुख्य बावड़ियों (झालरा बावड़ी, कनक बावड़ी, रतन बावड़ी, गणेश बावड़ी व सरजावाव बावड़ी) के पुनरूद्धार व मरम्मत कार्य के लिए 7.98 करोड़ रूपए, सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ व नेछवा पंचायत समिति तथा नगरपालिका मण्डल लक्ष्मणगढ़ के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5.10 करोड़ रूपए, भरतपुर जिले के ग्राम पसोपा (डीग) में श्री आदिबद्रीनाथ मंदिर, श्री पशुपतिनाथ मंदिर व अन्य धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों के लिए 8.46 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। उक्त विकास कार्य पर्यटन विकास कोष से करवाए जाएंगे।

          उल्लेखनीय है कि पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया है। वर्ष 2022-23 के बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 1000 करोड़ रूपए के पर्यटन विकास कोष का गठन किया गया है। राज्य सरकार द्वारा पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राजस्थान की पुरानी हवेलियां, गढ़, किले, बावड़ियों, ऎतिहासिक धार्मिक स्थलों आदि का पुनरूद्धार कार्य करवाया जा रहा है।