विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। जिला यातायात पुलिस ने शहर के सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से रामदेवरा जा रहे पैदल यात्रियों और सेवा वाहनों की सुरक्षा के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत लगभग 1000 रिफ्लेक्टर और 500 फर्स्ट ऐड किट वितरित किए गए।जिला यातायात पुलिस के CI नरेश कुमार निर्वाण ने बताया कि भादवा मास शुरू होते ही बीकानेर में मेलों का दौर शुरू हो जाता है, जिसमें लाखों जत्थे पैदल रामदेवरा जाते हैं और सेवादार सेवा कार्यों में जुटते हैं। इन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने यह पहल की।

उन्होंने कहा कि पैदल यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रिफ्लेक्टर और फर्स्ट ऐड किट वितरित किए गए। इस अभियान में शहर के युवा सामाजिक कार्यकर्ताओं का भरपूर सहयोग रहा।सामाजिक सरोकारों में अग्रणी महानंद व्यास ने कहा कि पुलिस विभाग के साथ मिलकर सेवा करना अपने आप में एक पुण्य कार्य है। रोटरी संस्था से जुड़े सुरेंद्र जोशी ने बताया कि रिफ्लेक्टर लगाने से पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ती है, क्योंकि इससे वाहन चालकों को यात्री आसानी से दिखाई देते हैं।
साथ ही, लंबी पैदल यात्रा के दौरान फर्स्ट ऐड किट यात्रियों के लिए राहतकारी साबित होती है।इस अभियान में यातायात पुलिस के SI राम गोपाल, सामाजिक कार्यकर्ता योगेश सुथार, हिमांशु शर्मा, अनिरुद्ध आचार्य, गजानंद जोशी, संजय स्वामी, नवरत्न ओझा, मुकेश आचार्य (मुक्सा) और यातायात पुलिस के जवान उपस्थित रहे।यह पहल न केवल यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ावा देगी, बल्कि सामुदायिक सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का एक उम्दा उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।













