विनय एक्सप्रेस समाचार, भरतपुर। देश की आजादी के बाद सेवर पंचायत समिति क्षेत्र के नगला माना गॉव की सडक का लोगों का सपना अब पूरा होने जा रहा है। इस गॉव की सम्पर्क सडक के लिये तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग के प्रयासों से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 6 करोड 50 लाख रूपये स्वीकृत किये हैं।
नगला माना गॉव के लोग अब तक मुख्य सडक तक आने-जाने के लिये कच्चे रास्ते का उपयोग करते थे गॉव के लोगों को सर्वाधिक समस्या वर्षाकाल में होती थी जब किसी मरीज को चिकित्सालय ले जाना होता तो वे रोगी को खाट पर लिटाकर ले जाते थे। ऐसी स्थिति को देखते हुये भरतपुर विधायक एवं तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने करीब चार वर्ष पहले ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि वे गॉव की पक्की सडक बनवायेंगे जिसके लिये वे निरन्तर प्रयासरत रहे आखिर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डॉ. गर्ग के प्रयासों को साकार करते हुये करीब 1.5 किलोमीटर लम्बी नगला माना से सहनावली तक के लिये सडक निर्माण हेतु 6 करोड 50 लाख रूपये की स्वीकृति जारी कर दी है।
डॉ. गर्ग ने मुख्यमंत्री द्वारा जारी की गई स्वीकृति पर उनका आभार व्यक्त करते हुये कहा है कि नगला माना के निवासियों का वर्षों पुराना सपना पूरा होगा और गॉव मुख्य सडक से जुडने के बाद विकास के पथ पर आगे बढेगा। सडक का निर्माण आगामी चार माहों में पूरा हो जायेगा।













