बीकानेर पुलिस की कामयाबी : लॉरेंस गैंग के खूंखार अपराधी गिरफ्तार, बड़ी साजिश नाकाम

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. बीकानेर पुलिस ने लॉरेंस गैंग के दो कुख्यात अपराधियों को हथियारों सहित धर दबोचकर एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल कर दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों, श्रवण सिंह सोडा (निवासी बजजू) और राजेश तरड़ (निवासी खाजूवाला), पर 25,000-25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 देशी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की।

बीकानेर पुलिस गैंग की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रख रही थी। खुफिया जानकारी के आधार पर पता चला कि लॉरेंस गैंग के सदस्य शहर में बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। इस सूचना पर आईजीपी हेमंत शर्मा और एसपी कवींद्र सिंह सागर के नेतृत्व में एक विशेष टास्क फोर्स गठित की गई। इस टीम में सौरभ तिवारी (एडिशनल एसपी सिटी), विशाल जांगिड़ (एएसपी सीओ सदर), साइबर सेल प्रभारी दीपक यादव और थानाधिकारी एमपी नगर शामिल थे। बीती रात एक सटीक ऑपरेशन में दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया और कड़ी पूछताछ के बाद हथियार बरामद किए गए। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर में एक बड़ी वारदात टल गई।

अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास

श्रवण सिंह सोडा एक कुख्यात हथियार तस्कर है, जो ‘सोडा गैंग’ का सरगना भी है। वह गुजरात के गांधीनगर थाने में अपहरण और फिरौती के मामले में वांछित था। वहीं, राजेश तरड़ खाजूवाला थाने का हिस्ट्रीशीटर है। दोनों के खिलाफ राजस्थान और अन्य राज्यों में करीब 25-25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये दोनों हाल ही में गजनेर थाना क्षेत्र में मारपीट की गंभीर वारदात में भी शामिल थे। दोनों अभियुक्त लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के संपर्क में थे और संगठित अपराध की योजना बना रहे थे।

पुलिस की सतर्कता से बची शहर की सुरक्षा

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों और हैरी बॉक्सर के खिलाफ संगठित अपराध (BNS) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कुछ दिन पहले खाजूवाला में सोडा गैंग के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर दो पिस्टल बरामद की गई थीं।

आईजी  हेमंत शर्मा और एसपी कवींद्र सिंह सागर ने इस सफल ऑपरेशन के लिए पुलिस टीम की प्रशंसा की। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने बीकानेर को एक बड़ी आपदा से बचा लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी।