बेसिक स्कूल के पास सीवेज लीक से फैल रही गंदगी, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. शहर के प्रसिद्ध निजी स्कूल ‘बेसिक इंग्लिश स्कूल’ के पास सीवेज लीक की समस्या ने अब चरम रूप धारण कर लिया है। स्कूल के दूसरे गेट के पास, जो एक संकरी गली में खुलता है, दो स्थानों पर सीवर का पानी रिस रहा है, जिससे वहां गंदगी और बदबू का अंबार लग गया है। गड्ढों में जमा मल-मूत्र इतना घिनौना और दुर्गंधयुक्त है कि स्लम क्षेत्रों के दृश्य से भी बदतर लगता है। इस स्थिति से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, साथ ही बीमारियों फैलने का खतरा मंडरा रहा है। स्कूल प्रबंधन की बार-बार शिकायतों के बावजूद नगर निगम बीकानेर द्वारा कोई कार्रवाई न होने से अभिभावकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस समस्या के लिए कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यह गंदगी न केवल छात्रों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल रही है, बल्कि नकारात्मक ऊर्जा का प्रसार भी कर रही है। बच्चे रोजाना इस दुर्गंध भरी जगह से गुजरते हैं, जिससे उनकी एकाग्रता भंग हो रही है। प्रशासन की उदासीनता से विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, सीवेज लीक की समस्या लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन स्कूल के पास होने के कारण यह अब और गंभीर हो गई है। गली में जमा गंदगी मच्छरों और अन्य कीटाणुओं का पनाहगार बन चुकी है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने का डर है। अभिभावक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।