प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बीकानेर में शतचंडी महायज्ञ का आयोजन

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत शारदीय नवरात्रि के दौरान सुजानदेसर स्थित काली माता मंदिर में पाठात्मक शतचंडी महायज्ञ एवं चण्डीयज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह यज्ञ वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल गहलोत की पहल पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु, विश्व शांति और राज्य की खुशहाली की कामना के लिए हो रहा है।

22 सितंबर से शुरू हुए इस यज्ञ का संचालन याज्ञाचार्य पं. राजेंद्र किराडू के नेतृत्व में किया जा रहा है। गुरुवार को गोपाल गहलोत ने पांच कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद भोजन कराया। पं. राजेंद्र किराडू ने बताया कि यज्ञ की शुरुआत मंडप पूजन, स्वस्ति पाठ, गणेश पूजन, नवग्रह षोडश मातृका पूजन, गौरी तिलक मंडल, सर्वतोभद्र मंडल पूजन, श्री सूक्त, कनक धारा स्तोत्र के साथ भगवती दुर्गा का अभिषेक, देवी राजोपचार पूजन, आवरण पूजन और पात्र सादन पूजा के साथ हुई। इसके साथ ही नित्य सहस्त्रार्चन प्रयोग भी किया जा रहा है।

आयोजन से जुड़े भुवनेश तंवर ने बताया कि 21 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती, गणेश अथर्वशीर्ष और भैरव स्तोत्र का पाठ किया जा रहा है, जिससे मंदिर परिसर मंत्रोच्चार से गूंजायमान है। यज्ञ में सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं और पुरुष भाग ले रहे हैं। यह आयोजन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 6 बजे तक चलता है।

शाम को नित्य आरती के बाद भजन संध्या में प्रतिष्ठित गायक कलाकारों द्वारा माता के भजन प्रस्तुत किए जा रहे हैं। कन्या पूजन के साथ कन्याओं को शुद्ध सात्विक भोजन कराया गया। भुवनेश तंवर ने सपत्नीक मां काली को भोजन प्रसादी का भोग भी अर्पित किया।