

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर.सिंथल गांव स्थित गुरुकुल बिल माता लर्निंग इंस्टीट्यूट के प्रांगण में बुधवार को दूधिया रोशनी में अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर अर्जुन अवॉर्ड प्राप्त निशानेबाज और बीकानेर राजघराने की बाईसा राजश्री ने वॉलीबॉल को मैदान में स्मैश कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. विजय आचार्य ने बताया कि उद्घाटन समारोह में भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान मगन सिंह रजवी, शिव बाड़ी महंत विमर्शआनंद जी महाराज और खाजुवाला विधायक वी. मेघवाल की उपस्थिति में प्रतियोगिता शुरू हुई। गुरुकुल के अध्यक्ष बाबूलाल मोहता ने अतिथियों को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। राजश्री बाईसा ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिता महाराजा करणी सिंह जी खेलों के विकास में हमेशा अग्रणी रहे। वे स्वयं एक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी थे और उन्होंने ही उन्हें निशानेबाजी सिखाई। उन्होंने पूरे भारत से आए खिलाड़ियों और सैकड़ों दर्शकों को प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. सरोज राठौर के निर्देशन में एक रंगारंग घूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसने समारोह में चार चांद लगा दिए।













