विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर. टीम “आवर फॉर नेशन” ने आज शहर में आयोजित सफाई अभियान के तुरंत बाद उसी स्थल पर आगामी महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “संवाद – बेहतर बीकानेर के लिए संवाद” की तैयारी बैठक आयोजित की। यह बैठक छोटी होने के बावजूद अत्यंत सार्थक और ऊर्जावान रही।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीए सुधीश शर्मा ने कार्यक्रम की मूल अवधारणा, इसके उद्देश्यों और आमंत्रित किए जाने वाले मेहमानों की श्रेणी के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि “संवाद” कार्यक्रम का आयोजन 14 दिसंबर 2025 को ऐतिहासिक लालगढ़ पैलेस होटल में किया जाएगा, जिसमें बीकानेर के प्रमुख बौद्धिक वर्ग, समाजसेवी, विचारक और सक्रिय नागरिकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।
सीए शर्मा ने टीम सदस्यों को कार्यक्रम के संचालन की रूपरेखा, मॉडरेशन की जिम्मेदारी और समन्वय की भूमिका के बारे में भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। बैठक में “आवर फॉर नेशन” के पिछले कई वर्षों के सामाजिक योगदान और सफाई, पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों के इतिहास का भी संक्षिप्त उल्लेख किया गया, जिससे सभी सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में 14 दिसंबर के “संवाद” कार्यक्रम को ऐतिहासिक और परिणामोन्मुखी बनाने का संकल्प लिया। टीम का मानना है कि यह संवाद बीकानेर के भविष्य को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
टीम “आवर फॉर नेशन” लगातार शहर को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक बनाने की दिशा में सक्रिय है और अब “संवाद” के माध्यम से शहर की समस्याओं और समाधानों पर खुली एवं रचनात्मक चर्चा का मंच तैयार कर रही है।













