वसुंधरा राजे का 7-8 को देव दर्शन:सभा नहीं करेंगी लेकिन कार्यकर्ताओं से मिलेंगी; युनूस-वर्मा-परनामी भरतपुर में कर रहे कैंप

विनय एक्सप्रेस न्यूज़ भरतपुर. पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के 7 और 8 मार्च को आयोजित देव दर्शन कार्यक्रम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी हो गया है। निजी सचिव की ओर से जारी कार्यक्रम में बताया गया है कि राजे 7 मार्च को सुबह 9.30 बजे हेलीकॉप्टर से भरतपुर के पूंछरी लौठा पहुंचेंगी।

सुबह 10.30 बजे पूंछरी को लौठा में दर्शन के बाद मथुरा जिले में गाोवर्धन स्थित गिर्राजजी मंदिर जाएंगी। इसके बाद सुबह 11.40 बजे दानघाटी मंदिर पहुंचेंगी और पूजा करेंगी। यहां लंच होगा और शाम 6 बजे आदि बद्री रवाना होंगी। रात्रि विश्राम आदि बद्री में करेंगी। दूसरे दिन 8 मार्च को आदि बद्रीनाथ मंदिर में सुबह 5 बजे मंगला आरती में शामिल होंगी।

दोपहर 12.30 बजे केदारनाथ मंदिर जाएंगी और पूजा-दर्शन एवं दोपहर के भोजन के बाद हेलीकॉप्टर से धौलपुर रवाना होंगी। इस दौरान सभा जैसा कार्यक्रम नहीं होगा लेकिन कार्यकर्ताओं से मुलाकात की जाएगी। राजे का कार्यक्रम जारी होने के बाद समर्थक और तेजी से एक्टिव हो गए हैं।

पूर्व मंत्री युनूस खान, बाबूलाल वर्मा और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भरतपुर में कैंप कर रहे हैं। व्यवस्थाओं को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया। इधर, पूर्व विधायक विजय बंसल ने भरतपुर विधानसभा क्षेत्र के समर्थकों की मीटिंग ली। इसमें पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट, अनुराग गर्ग, कृष्ण कुमार अग्रवाल, शिवराज सिंह, हजारी सिंह मौजूद थे।

इसके अलावा पूर्व सांसद बहादुर सिंह कोली वैर, ऋषि बंसल बयाना में, अनीता सिंह नगर में, दुष्यंतसिंह नदबई में, पूर्व प्रधान मनोज सिंह डीग-कुम्हेर में तथा पूर्व प्रधान निहाल सिंह और अली हुसैन कामां में सक्रिय हैं।

Vinay Express
Author: Vinay Express