पृथ्वी ने विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा चौथा शतक, खड़ा किया रनों का पहाड़, तोड़े कई रिकॉर्ड

विनय एक्सप्रेस न्यूज़ नई दिल्ली। पृथ्वी शॉ ने विजय हजारे ट्रॉफी में अपना शानदार फॉर्म जारी रखते हुए एक बार फिर से शतकीय पारी खेली है। कर्नाटक के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई की अगुवाई करते हुए उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार 150 से अधिक का स्कोर किया। दाएं हाथ के 21 वर्षीय बल्लेबाज ने कर्नाटक के खिलाफ तूफानी पारी खेली और इस दौरान एक के बाद एक कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।

पृथ्वी ने गुरुवार को मुंबई की तरफ से पारी का आगाज किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 122 गेंदों में 165 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 17 चौके और सात छक्के भी लगाए। पृथ्वी ने महज 79 गेंदों में इस टूर्नामेंट का अपना चौथा शतक पूरा किया।

पृथ्वी शॉ विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में अब तक सात पारियों में 754 रन बना चुके हैं। वह अब विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने मयंक अग्रवाल को पछाड़ दिया है। मयंक ने 2018 में 723 रन बनाए थे।

श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में पृथ्वी शॉ तीसरी बार मुंबई की कप्तान कर रहे हैं। उन्होंने बतौर कप्तान अब तक एक दोहरा शतक (227) और दो शतक (185, 165) लगाए हैं। वह अब विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में बतौर कप्तान सबसे अधिक शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर को पीछे छोड़ दिया है। गंभीर ने इससे पहले 2018-19 में दो शतक लगाए थे।

बात करें शॉ के विजय हजारे टॉफी 2021 में प्रदर्शन की तो उन्होंने सात पारियों में 200 से अधिक की औसत और 135 की स्ट्राइक रेट से 754 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने कुल चार शतक लगाए हैं। इसमें उन्होंने 105*, 227*, 185* और 165 की पारियां खेली हैं, जिनमें वे तीन बार नाबाद रहे हैं।

Vinay Express
Author: Vinay Express