ऊर्जा मंत्री भाटी ने देशनोक नगर पालिका में आयोजित महंगाई राहत शिविर का किया अवलोकन : लाभार्थियों को दिए मुख्यमंत्री गारन्टी कार्ड

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने सोमवार को देशनोक नगर पालिका में  प्रशासन शहरों के संग और महंगाई राहत शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थी राजेश कुमार, वृद्धा तीजा देवी और बिशन सिंह भाटी मियांकौर को मुख्यमंत्री गारन्टी कार्ड प्रदान किये और बचे हुए परिवारों का पंजीकरण अतिशीघ्र करवाने के निर्देश दिए।
भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने आमजन को राहत प्रदान करने के लिए यह पहल की है। अब तक देशनोक में 5 हजार 39 परिवारों में से 3 हजार 936 परिवारों को गारंटी कार्ड जारी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी परिवार पात्रता के बावजूद योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने देशनोक पालिका क्षेत्र में प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत शामिल विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन किया। इन विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। आमजन की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राथमिकता से इनका निस्तारण करें। उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को दी गई छूट की जानकारी दी और कहा कि यह लाभ मिलने से एक करोड़ से अधिक उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य हो जाएगा। उन्होंने सरकार की अन्य फ्लेगशिप योजनाओं के बारे में बताया और इनकी जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
महात्मा गांधी अंग्रेजी माथ्यम स्कूल में हुआ लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम
राजकीय महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम सीनियर सैकण्डरी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री भाटी ने कहा कि राज्य सरकार ने साढ़े 4 सालों में सभी वर्गों के विकास के लिए योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने अपने दूसरे बजट भाषण में राज्य में अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने का निर्णय लिया था। वर्तमान में इस विद्यालय में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम शिक्षा लागू की है। यह इसलिए किया है, विद्यार्थी की अंग्रेजी मजबूत हो। जैसे-जैसे विद्यार्थी आगे की कक्षा में प्रवेश करेंगे, उन्हें अंग्रेजी शिक्षा दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्राचार्य द्वारा ई-लाइब्रेरी खुलवाने, खेल सामग्री उपलब्ध करवाने सहित अन्य संसाधनों की आवश्यकता जताने पर कहा कि विद्यालय की मांग को पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आज देशनोक में 54 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया गया है। इसमें नगर पालिका द्वारा करवाए जाने वाले 4 करोड़ 57 लाख 81 हजार से अधिक राशि के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही विधायक निधि कोष से 2 लाख 18 हजार 756 रूपये लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनके अलावा नगर पालिका द्वारा एक करोड़ 34 लाख रूपये के विकास कार्यों का और विधायक निधि कोष से 9 लाख 61 हजार रुपए लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण किया है।
देशनोक पालिका एरिया में अनेक विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास-
ऊर्जा मंत्री ने देशनोक में मां करणी के दर्शन कर अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किये। इस दौरान नगर पालिका देशनोक चेयरमैन ओमप्रकाश मूंधड़ा और अधिशासी अधिकारी बृजेश सोनी सहित पार्षद उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री ने नगर पालिका देशनोक के नवनिर्मित स्टोर रूम का लोकार्पण व स्वागत भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (नेहरू बस्ती) में नगर पालिका द्वारा बनाए गए तीन हाॅल मय बरामदा का लोकार्पण और सामुदायिक भवन में हाॅल निर्माण का शिलान्यास किया। इसके अलावा विधायक निधि कोष से निर्मित मेघवाल समाज (आथूणा बास) श्मशान भूमि की चार दिवारी का लोकार्पण और राज्य सरकार की सहभागिता योजना के तहत वाटर टैंक एवं कमरा मय बरामदा निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नगर पालिका द्वारा बनने वाले मडिसिन स्टोर हाॅल का शिलान्यास भी किया।
ऊर्जा मंत्री ने विधायक निधि कोष से बनाये जाने वाले मदरसा ईस्लामिया गौसिया भवन निर्माण कार्य, सहभागिता योजना के तहत कब्रिस्थान की चार दिवारी एवं वाटर टेंक तथा कमरा मय बरामदा निर्माण, लोहार श्मशान भूमि में वाटर टेंक एवं बरामदा निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इसके अलावा उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय (मेघवाल बास) में नव निर्मित भवन मय चार दिवारी का और महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (दुग्गड़) स्थित आंगनवाडी केन्द्र के भवन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।
उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में निर्माणाधीन ब्लाॅक पब्लिक हेल्थ यूनिट, ब्लाॅक पब्लिक लेब के निर्माण कार्य का अवलोकन भी किया।
नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंदड़ा ने देशनोक कस्बे में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर पार्षद जगदीश शर्मा, पार्षद सहस्रकरन, पार्षद भंवरी देवी जाट, राम निवास सियाग, जिला परिषद सदस्य मोहनदान मंडाल, करणी मंदिर के पूर्व ट्रस्टी, विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार, पलाना सीनियर सैकण्डरी विद्यालय के प्राचार्य श्रीकृष्ण चौधरी, माधोदान, करणी मंदिर ट्रस्ट के पूर्व ट्रस्टी मोहनदान उपस्थित थे।