सद्भावना साइकिल रैली का आयोजन, डबल राइड, डबल डेकर साइकिल रहीं आकर्षण का केन्द्र

भगत सिंह चौक से कलेक्ट्रेट स्थित गांधी पार्क तक किया गया आयोजन

विनय एक्सप्रेस समाचार, हनुमानगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष और स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य के क्रम में 2 अक्टूबर से जिले भर में गांधी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत रविवार को जिला मुख्यालय पर सद्भावना साइकिल रैली का आयोजन जंक्शन में भगत सिंह चौक से कलेक्ट्रेट स्थित गांधी पार्क तक किया गया। सद्भावना साइकिल रैली को हरी झंडी महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती मनाने को लेकर गठित जिला स्तरीय समिति के सह संयोजक श्री तरूण विजय, पार्षद श्री अर्चित अग्रवाल,पीआरओ श्री सुरेश बिश्नोई, जिला खेल अधिकारी श्री सीताराम, ने संयुक्त रूप से दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली भगत सिंह चौक से जंक्शन बस स्टैंड, पुल होते हुए अंबेडकर चौक, लाल चौक, परशुराम चौक होते हुए कलेक्ट्रेट स्थित गांधी पार्क पहुंची। जहां साइकिल रैली में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों ने गांधीजी की मूर्ति को माला पहनाई। साइकिल रैली में साइक्लिस्ट पंकज सिंह के द्वारा मॉडिफाई की हुई दो साइकिल आकर्षण का केन्द्र रही। डबल राइड साइकिल और डबल डेकर साइकिल ने सबका ध्यान खींचा। अतिथियों ने भी इन दोनों साइकिल को चला कर देखा।
मीडिया से मुखातिब होते हुए श्री तरूण विजय ने बताया कि राज्य के गांधीवादी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती वर्ष को राज्य भर में पांच साल तक मनाने का फैसला किया है। इसी क्रम मेें लगातार तीसरे साल महात्मा गांधी से संबंधित कार्यक्रम जिला प्रशासन के सहयोग से जिला और ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को सद्भावना साइकिल रैली का आयोजन कर युवाओं में गांधी जी की शिक्षाओं को ग्रहण करने, आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया। गांधी जी की शिक्षाएं सदैव ही प्रासंगिक रहेंगी और युवाओं को गांधी की शिक्षाओं पर चलना भी चाहिए। उन्होने कहा कि युवा नशे से दूर रहे और अपनी एनर्जी अच्छे कार्यों में लगाएं ताकि देश का विकास हो।  
साइकिल रैली में हिस्सा लेने वाले युवाओं में एडवोकेट पुष्पेन्द्र शेखावत, एडवोकेट अमित माहेश्वरी, राजीव गांधी स्टेडियम से ओम सेन, कृष्ण जांगीड़, तेज नारायण परिहार, रोहित चौधरी, निखिल, विनोद गुप्ता, रिटायर्ड एईएन  हंसराज बिश्नोई, मांगीलाल समेत अन्य संडे साइकिल क्लब के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

गांधी सप्ताह के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रम-
एडीएम श्री रामरतन सौंकरिया ने बताया कि गांधी सप्ताह के अंतर्गत तीसरे दिन सोमवार 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे निबंध प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर नं 12 जंक्शन में रखा गया है जिसमें कोई भी स्टूडेंट हिस्सा ले सकेगा। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम दोपहर 12 बजे होगा।  5 अक्टूबर को गांधी रंगोली प्रतियोगिता आयोजन कलेक्ट्रेट में प्रवेश करने के दौरान हॉल में रखा गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से रंगोली बनाई जाएगी। 6 अक्टूबर को गांधी पदयात्रा का आयोजन सुबह साढ़े 7 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में गांधी प्रतिमा से जंक्शन में तिलक सर्किल तक आयोजित की जाएगी। 7 अक्टूबर को गांधी जी पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आय़ोजन टाउन स्थित ट्रैफिक थाना परिसर स्थित हॉल में रखा गया है। 8 अक्टूबर को गांधी बनो प्रतियोगिता का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट स्थित पार्क में सुबह 8 बजे किया जाएगा। जिसमें जिले का कोई भी बच्चा इसमें शामिल हो सकता है।