मुख्यमंत्री ने दी स्वीकृति अन्तर्जातीय विवाह पर प्रोत्साहन राशि अब 10 लाख रुपए

विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। डॉ. सविता बेन अम्बेडकर योजना के अंतर्गत अन्तर्जातीय विवाह पर प्रोत्साहन राशि अब 10 लाख रुपए मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। अभी तक यह राशि 5 लाख रुपए मिलती रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित ‘डॉ. सविता बेन अम्बेडकर अन्तर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना’ के अन्तर्गत अन्तर्जातीय विवाह के उपरान्त 10 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस राशि में से 5 लाख रुपए 8 वर्ष के लिए फिक्स्ड डिपोजिट कराए जाएंगे। शेष 5 लाख रुपए संयुक्त बैंक खाते में जमा कराए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि श्री गहलोत द्वारा 2023-24 के बजट में इस संबंध में घोषणा की गई थी।