विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। जयपुर में हाथ की सर्जरी से जुड़े विशेषज्ञों के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। आठवीं वार्षिक इंडो-यूएस हैंड सर्जरी कॉन्फ्रेंस 7 और 8 मार्च 2026 को होटल क्लार्क्स आमेर, जयपुर में आयोजित की जाएगी। इस सम्मेलन का मुख्य विषय है – हाथ की सर्जरी में जटिलताएं: कैसे रोकें और कैसे इलाज करें।
यह सम्मेलन कुडाव-मुद्गल फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जा रहा है और यह इंडियन सोसाइटी फॉर सर्जरी ऑफ द हैंड (आईएसएसएच) का प्रमुख कार्यक्रम है। इसमें अमेरिका और भारत के प्रसिद्ध हैंड सर्जन शामिल होंगे। अमेरिका से डॉ. अमित गुप्ता (लुइसविल), डॉ. रसेल शैटफोर्ड (नॉर्टन आर्म एंड हैंड इंस्टीट्यूट), डॉ. चैतन्या मुद्गल (हार्वर्ड) और डॉ. हैरी होयेन (केस वेस्टर्न यूनिवर्सिटी) जैसे विशेषज्ञ फैकल्टी शामिल होंगे।
भारत से कई वरिष्ठ सर्जन जैसे डॉ. चैतन्या मुद्गल (आयोजन अध्यक्ष), डॉ. पूर्णिमा पाटनी (झसा की अध्यक्ष), डॉ. अमित व्यास (आयोजन सचिव), डॉ. सुधीर वॉरियर, डॉ. बिनु थॉमस, डॉ. जी. कार्तिकेयन और अन्य कई नामचीन विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न मॉड्यूल शामिल होंगे, जिनमें कार्पल टनल रिलीज, क्यूबिटल टनल सिंड्रोम, फ्लेक्सर और एक्सटेंसर टेंडन इंजरी, स्कैफॉइड फ्रैक्चर, डिस्टल रेडियस फ्रैक्चर, मेटाकार्पल फ्रैक्चर और अन्य जटिलताओं पर चर्चा होगी।
आयोजन सचिव डॉ. अमित व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिनों के इस सम्मेलन में पैनल डिस्कशन, केस चर्चा, छोटे ग्रुप डिस्कशन के साथ-साथ सर्जरी वीडियो री-लाइव सेशन, वर्कशॉप और अन्य इंटरैक्टिव सत्र होंगे। प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप 6 मार्च 2026 को होगी, जिसमें स्यूचर एंकर, मेटाकार्पल प्लेटिंग, रेडियस वर्कशॉप आदि शामिल हैं।
यह सम्मेलन हाथ की सर्जरी में नई तकनीकों, जटिलताओं के प्रबंधन और बेहतर परिणामों पर सीखने का अच्छा अवसर प्रदान करेगा।













