राजस्थान का पहला ‘मास्क बैंक’ स्थापित जिला कलक्टर नमित मेहता एवं महापौर सुशीला कँवर राजपुरोहित ने किया उद्घाटन

आमजन निःशुल्क ले सकेंगे मास्क, संस्थाएं करवा सकेंगी जमा

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर।  राजस्थान का पहला ‘मास्क बैंक’ गुरुवार को बीकानेर में स्थापित हुआ। जिला कलक्टर नमित मेहता एवं महापौर सुशीला कंवर ने जूनागढ़ के सामने हाट बाजार परिसर में स्थापित मास्क बैंक का फीता काटकर इसका उद्घाटन किया गया। ‘मास्क बैंक’ से आमजन निःशुल्क मास्क प्राप्त कर सकेंगे। वहीं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं यहां मास्क जमा भी करवा सकेंगी।


इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में कोरोना नियंत्रण में ‘मास्क’ की भूमिका अहम रही है। संक्रमण काल के दौरान जिस-जिसने कोरोना एडवाइजरी की पालना की तथा मास्क का उपयोग किया, वह इससे बचा रहा है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन नहीं आने तक मास्क ही वैक्सीन है। इसकी उपयोगिता को समझते हुए जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम के माध्यम से यह मास्क बैंक स्थापित किया गया है। शुरूआत में यहां नगर निगम एवं नगर विकास न्यास द्वारा पच्चीस-पच्चीस हजार मास्क उपलब्ध करवाए गए हैं।
जिला कलक्टर ने बताया कि मास्क बैंक में नगर निगम की ओर से कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। इन कार्मिकों द्वारा यहां आने वाले लोगों को मास्क दिए जाएंगे। वहीं स्वयंसेवी संस्थाएं भी यहां मास्क जमा करवा सकती है। मास्क का लेन-देन रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। मास्क बैंक प्रातः 11 से सायं 5 बजे तक कार्यरत रहेगा। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं को बढ़-चढ़कर इस अभियान में भागीदारी निभाने का आह्वान किया तथा कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना ‘मास्क’ नहीं रहे, इस कैम्पेन को सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ाया जाएगा।

मिसाल बना बीकानेर

जिला कलक्टर ने कहा कि किसी भी महामारी पर प्रभावी नियंत्रण में समाज की भूमिका सर्वोपरि होती है। बीकानेर ने पूरी निष्ठा से कोरोना एडवाइजरी की पालना करते हुए देश और दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। आज राजस्थान की बड़ी आबादी वाले शहरों की तुलना में बीकानेर में सबसे कम केस रिपोर्ट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें इन सामूहिक प्रयासों को बरकरार रखने की जरूरत है

महापौर सुशीला कंवर ने कहा कि प्रदेश का पहला ‘मास्क बैंक’ बीकानेर में स्थापित होना, कोरोना के खिलाफ हमारी जंग का हिस्सा है। सतर्कता के कारण ही जिले में पाॅजिटिव मामलों में लगातार कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से आमजन में जागरुकता आई है और अधिकतर लोग मास्क लगाने लगे हैं। फिर भी कोई व्यक्ति मास्क लगाना भूल जाए अथवा नए मास्क की आवश्यकता हो तो मास्क बैंक से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने जिला कलक्टर की इस पहल को सराहनीय बताया।
इससे पहले जिला कलक्टर ने फीता काटकर ‘मास्क बैंक’ का उद्घाटन किया तथा इसकी कार्यप्रणाली के बारे में जाना। अभियान समन्वयक राजेन्द्र जोशी ने बताया कि अब तक हुए कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के चौथे चरण में 29 दिसम्बर को बैटन रिले होगी और 31 को जिले के समस्त पुलिस थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा कोरोना एडवाइजरी की पालना की समझाइश की जाएगी। अतिरिक्त कलक्टर (नगर) सुनीता चौधरी ने आभार जताया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त पंकज शर्मा, भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी कनिष्क कटारिया, नगर विकास न्यास के सचिव मेघराज सिंह मीणा, लाॅयंस क्लब उड़ान की अर्चना थानवी, वूमन वेलफेयर सोसायटी की डाॅ. अर्चना सक्सेना, नगर निगम के किशन गोपाल पुरोहित आदि मौजूद रहे।

E.mail : vinayexpressindia@gmail.com