राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत ब्लॉक प्रशिक्षण दलों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत ब्लॉक प्रशिक्षण दलों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण की शुरुआत बुधवार को हुई। उद्घाटन जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नित्या के द्वारा किया गया। जिला परिषद सभागार में आयोजित प्रशिक्षण के उद्घाटन सत्र में अधिशासी अभियंता धीर सिंह गोदारा तथा मुख्य आयोजना अधिकारी सुशील शर्मा ने विषयगत जानकारी दी।


‘सतत विकास के लक्ष्य के साथ कोई पीछे नहीं छूटे’ के उद्देश्य से ग्राम स्तर के अंतिम छोर तक लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने संबंधी जानकारी दी गई। पंचायत प्रशिक्षण केंद्र के व्याख्याता माखनलाल भाटी ने प्रशिक्षण के उद्देश्य के बारे में बताया। सहायक विकास अधिकारी बाबूलाल कड़ेला ने ब्लॉक स्तर पर दिए जाने वाले प्रशिक्षण की जानकारी दी।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने आवश्यक विषय वस्तु का प्रशिक्षण प्राप्त करने और ब्लॉक स्तर पर इस जानकारी को साझा करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में पंचायती राज्य स्थानीय स्वशासन एवं तेहरवां संविधान संशोधन 1992 के साथ ग्यारहवीं अनुसूची 29 विषय विभाग के बारे में बताया गया। सतत विकास लक्ष्यों का स्थानीयकरण व सतत विकास में गरीबी मुक्त आजीविका उन्नत गांव के संबंध में मुख्य आयोजना अधिकारी सुशील शर्मा, अधिशासी अभियंता जिला परिषद मनीष पूनिया व कनिष्ठ लेखाकार भारतेंदु गोयल द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण में प्रत्येक ब्लॉक से 6 व्यक्तियों को बुलाया गया तथा प्रशिक्षण स्थल पर मतदाता जागरूकता हेतु हेल्प डेस्क भी लगाई गई। आई सी समन्वयक गोपाल जोशी ने ब्लॉक स्तर से आए अधिकारियों को मतदाता जागरूकता अभियान के बारे में बताया। प्रशिक्षण का संचालन सहायक विकास अधिकारी गिरिराज शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर यह प्रशिक्षण 30 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे। इनमें ब्लॉक से विभिन्न स्वयं सहायता समूह, महिला सदस्य जिला व पंचायत समिति स्तर के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों और कर्मचारियों को समय-समय पर राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत सतत विकास लक्ष्यों को पूर्ण करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।