विनय एक्सप्रेस समाचार, जयपुर। राजस्थान पर्यटन विकास निगम पुर्नगठन-अवधारणा पत्र का गोविंद सिंह डोटासरा, पर्यटन राज्य मंत्री, राजस्थान सरकार द्वारा आज मंगलवार को अनुमोदन किया गया। इसके अनुसार प्रथम चरण में आरटीडीसी की 36 काफी लम्बे समय से बन्द इकाईयों को लीज/लाईसेन्स पर दिया जाकर पर्यटकों की सुविधार्थ संचालित करवाई जावेगी। इसके संचालन से इनके निर्माण की सार्थकता पूर्ण होगी, इसके साथ-साथ आरटीडीसी को आर्थिक सहायता मिलेगी। इस संबंध में बिड डाॅक्यूमेन्ट तैयार कर लिया गया है तथा न्यूनतम लीज राशि के निर्धारण हेतु संबंधित जिले के जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में 8 सदस्यी समिति का गठन किया गया है। जिसमें अतिरिक्त जिला कलेक्टर/उप खण्ड अधिकारी, जिले का कोषाधिकारी, पर्यटन विभाग का सहायक/उप निदेशक, अधिशाषी अधिकारी स्थानिय निकाय/खण्ड विकास, अधीक्षण/अधिशाषी अभियन्ता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्थान पर्यटन विकास निगम की संचालित स्थानिय इकाई का प्रभारी एवं राजस्थान पर्यटन विकास निगम का मुख्यालय से नामित अधिकारी (सदस्य सचिव) होंगे। यह समिति संबंधित जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में 15 दिवस में बैठक आयोजित कर रूप रेखा तैयार करेंगी तथा समिति 30 दिवस में अनुमानित लीज राशि का निर्धारण कर प्रमुख शासन सचिव, पर्यटन विभाग को भिजवायेगें। यह समिति स्थानिय बाजार अनुसार उपयोग की सम्भावना एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग की प्रचलित दरों एवं जिला स्तरीय दरों एवं पर्यटन विकास की दृष्टि से विचार करते हुये अनुमानित दर की अनुशंषा करेगी।













