गंगाशहर में पिस्टल सहित आरोपी दबोचा
विनय एक्सप्रेस समाचार बीकानेर. बीकानेर पुलिस की सतर्कता और प्रभावी रात्रि गश्त व्यवस्था ने शहर में एक बड़ी डकैती की वारदात को नाकाम कर दिया। पुलिस थाना सदर की टीम ने मध्य रात्रि में मिलन ट्रैवल रोड, पब्लिक पार्क के पास डकैती की योजना बनाते हरियाणा के हांसी निवासी सांसी गैंग के पांच सदस्यों को नकब और डकैती के साजो-सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। इसी क्रम में पुलिस थाना गंगाशहर की टीम ने एक आरोपी को अवैध पिस्टल और कारतूसों के साथ पकड़ा। पुलिस महानिरीक्षक हेमंत शर्मा और पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर की सख्त मॉनिटरिंग का यह सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
सदर पुलिस की कार्रवाई: सांसी गैंग पर शिकंजा
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर के निर्देश पर रात्रि गश्त को मजबूत बनाने के क्रम में सीओ सदर अनुष्का कालिया, एसएचओ दिगपाल सिंह और एएसआई तनेराव सिंह की अगुवाई में टीम ने मिलन ट्रैवल रोड के पास सख्त निगरानी रखी। गश्त के दौरान पांच संदिग्ध व्यक्ति डकैती की योजना बनाते पकड़े गए। ये सभी हरियाणा के हांसी के सांसी गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
बरामद सामान: नकब, मिर्च पाउडर, रस्से, दस्ताने, सरिये, हथौड़े, ताले तोड़ने के कट्टर आदि। इनकी मदद से गैंग शहर में बड़ी डकैती को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी वारदात टल गई। आरोपी से पूछताछ जारी है, जिसमें गैंग के अन्य सदस्यों और पूर्व अपराधों की जानकारी जुटाई जा रही है।
गंगाशहर पुलिस की सफलता: अवैध हथियार बरामद
दूसरी ओर, पुलिस थाना गंगाशहर की टीम ने सीओ पार्थ शर्मा और थानाधिकारी रमेश सरवटा के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। आरोपी नीरज सक्सेना (44 वर्ष), पुत्र देवकिशन, निवासी पोस्ट ऑफिस के पीछे (पीएस कोटगेट) को एक पिस्टल मय मैगजीन और दो जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
बीकानेर पुलिस की इन कार्रवाइयों से शहरवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। आईजी हेमंत शर्मा ने कहा कि रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जाएगा ताकि अपराधियों की कोई गुंजाइश न रहे। एसपी कावेंद्र सागर ने टीम की सराहना की और नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की।













