बीकानेर प्रेस क्लब शपथ ग्रहण समारोह : लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया को सजग रहना जरूरी- अर्जुनराम मेघवाल

विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि लोकतंत्र को जीवित रखने के लिए विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के साथ-साथ चौथा स्तंभ मीडिया का ढंग से काम करना आवश्यक है। वे गुरुवार को जिला उद्योग संघ भवन में बीकानेर प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।

मेघवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया, महासचिव विशाल स्वामी, कोषाध्यक्ष गिरिराज भादाणी सहित पूरी कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। कार्यक्रम लालेश्वर महादेव मंदिर शिवबाड़ी के महंत विमर्शानंद महाराज के सानिध्य में हुआ। अध्यक्षता जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डीपी पचीसिया और मुदित खंजाची ने की।

सोशल मीडिया दुधारू तलवार, सही उपयोग जरूरी

मेघवाल ने सोशल मीडिया को दुधारू तलवार बताया। कहा कि यह अवसर है लेकिन गलत खबर फैलने पर चुनौती भी। विकास के साथ नई तकनीक आना स्वाभाविक है, इसे रोका नहीं जा सकता, लेकिन सही उपयोग जरूरी है।

21वीं सदी भारत की तभी, जब नवीनतम तकनीक अपनाएंगे

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी भारत की होगी तो नवीनतम तकनीक अपनानी होगी। एआई, रोबोटिक्स, थ्री डी, मशीन लर्निंग का युग है। ये उपयोगी भी हैं, चुनौती भी और दुरुपयोग की संभावना भी।

पत्रकारों के सुझाव पर बीकानेर डिक्लेरेशन घोषित करवा सकते हैं

मेघवाल ने कहा कि आईटी कानून या नए कानूनों पर बीकानेर के पत्रकार अच्छे सुझाव दें तो प्रधानमंत्री से चर्चा कर बीकानेर डिक्लेरेशन घोषित करवा सकते हैं। पत्रकारों को वंदे भारत से दिल्ली लाकर संसद भवन विजिट भी करवाएंगे।

महंत विमर्शानंद महाराज ने पत्रकारों को असत से सत की ओर ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी। कहा कि संन्यासी की तरह असंग-निसंग रहकर काम करें तो समाज हित होगा। बिश्नाराम सिहाग और मुदित खंजाची ने भी संबोधित किया।

महासचिव विशाल स्वामी ने स्वागत उद्बोधन दिया, अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया ने प्रेस क्लब की आगामी रूपरेखा बताई। रवि विश्नोई ने मंच संचालन किया और क्लब के इतिहास पर प्रकाश डाला।

समारोह में एडिटर एसोसिएशन अध्यक्ष आनंद आचार्य, उपाध्यक्ष योगेश खत्री, सचिव विनय थानवी, श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, टेकचंद बरड़िया, विनोद गिरी गुसाई, गुमानसिह राजपुरोहित, दीपक पारीक, दिलीप पुरी, संतोषानंद महाराज, राजेन्द्र भार्गव, संपत पारीक, प्रकाश पुगलिया, भंवरलाल जांगीड़ सहित वरिष्ठ पत्रकार और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।