जिम से घर लौट रहे 4 युवकों को ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी टक्कर, 2 बजरी के नीचे दबे

विनय एक्सप्रेस न्यूज़ धौलपुर. धौलपुर ​​​​​​के ​सैपऊ थाना क्षेत्र में सोमवार को बजरी से भरे ट्रैक्टर ने सड़क के पास खड़े चार युवकों को टक्कर मार दी। इसके बाद बेकाबू होकर ट्रैक्टर ट्रॉली भी पलट गई। इस दौरान बजरी के नीचे दो युवक दब गए। हादसे के दौरान आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बजरी के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना सैपऊ के एनएच-123 पर जाखी गांव के मुख्य चौराहे की है। जहां धौलपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने जिम से घर लौट रहे चार युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली भी बेकाबू होकर हाईवे किनारे पलट गई। दो युवक बजरी के नीचे दब गए। लोगों ने निजी स्तर पर रेस्क्यू कर दोनों युवकों को बजरी के अंदर से बाहर निकाल लिया। घायलों में 20 वर्षीय भानु पुत्र राजकुमार, 21 वर्षीय कुशाल सिंह पुत्र नवल सिंह, 16 वर्षीय इरफान पुत्र रसीद और एक 22 साल का युवक शामिल है। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों में आक्रोश, एक घंटे हाइवे जाम किया
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भड़क गया। गुस्साए लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया। मामले की सूचना पर स्थानीय सैपऊ पुलिस के साथ अन्य पुलिस थानों का बल भी मौके पर पहुंच गया। जाम लगने से वाहनों की हाइवे पर लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक ग्रामीणों ने जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ रोष व्यक्त किया।

लोगों का कहना था शहर में बजरी माफियाओं का आतंक है। हाईवे, सड़क एवं लिंक मार्गों पर बेलगाम दौड़ते बजरी माफिया पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहे हैं। लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रतिबंधित बजरी परिवहन को रोकने में जिला प्रशासन एवं पुलिस नाकाम साबित हो रहा है।

Vinay Express
Author: Vinay Express