पूर्व सीएम के कार्यक्रम के लिए समर्थक एक्टिव, भाजपा पदाधिकारियों ने बनाई दूरी

विनय एक्सप्रेस न्यूज भरतपुर.पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 8 मार्च को भरतपुर आएंगीं। वे गोवर्धन में अपना जन्मदिन मनाने आ रही हैं। उनके गिरिराज जी के दर्शन धार्मिक कार्यक्रम से ज्यादा चर्चा राजनीतिक है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के जरिए पूर्वी राजस्थान से प्रदेश की राजनीति में फिर से सक्रिय होने का आगाज करेंगी। इसलिए राजे समर्थक नेता सक्रिय हो गए हैं।

बुधवार को पूर्व पर्यटन मंत्री कृष्णेंद्र कौर, पूर्व विधायक अनीता सिंह, पूर्व सांसद बहादुर सिंह कोली सहित राजे समर्थक कई नेता शामिल हुए, लेकिन मीटिंग में पूर्व विधायक विजय बंसल सहित बयाना के पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल, प्रदेश कार्य समिति सदस्य ऋषि बंसल और कुम्हेर के पूर्व विधायक मनोज सिंह की उपस्थिति चौंकाने वाली थी।

पूर्व विधायक विजय बंसल को पार्टी ने नगर निगम में हार के बाद पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर कर दिया था। उन्हें राजे समर्थक माना जाता है। जिस समय बंसल के खिलाफ कार्रवाई हुई उस समय राजे के राजनीतिक गतिविधि सुप्त अवस्था में थी।

इसलिए पूर्व विधायक बंसल का बचाव नहीं हो पाया और उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता देखना पड़ा, लेकिन राजे की पीएम माेदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद राजे समर्थकों में उत्साह और उम्मीद की वैक्सीन लग गई है।

इसलिए बुधवार को मीटिंग में प्रमुख नेताओं ने उत्साह से भाग लिया, लेकिन पार्टी पदाधिकारियों ने दूरी बना कर रखी। खासकर प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के खास समझे जाने वाले जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह, प्रदेश कार्य समिति सदस्य जवाहर सिंह, शिवानी दायमा आदि शामिल नहीं हुए।

इस संबंध में पूर्व जिला महामंत्री शिवराज सिंह तमरोली ने बताया कि ओपन मीटिंग थी। पूर्व सीएम राजे पार्टी के सीनियर लीडर है। उनके जन्म दिन का कार्यक्रम है। सभी काे आना चाहिए। इधर, मीटिंग में राजे के कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। 7-8 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भर से लोग शामिल होंगे।

इनकी उपस्थिति ने चौंकाया
मीटिंग में प्रदेश कार्य समिति सदस्य ऋषि बंसल, कुम्हेर के पूर्व प्रधान मनोज सिंह एवं बयाना के पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल की मौजूदगी पार्टी की संगठनात्मक राजनीति में आने वाले बदलाव की ओर इंगित कर रही है।

प्रदेश कार्य समिति सदस्य बंसल को पूनिया का नजदीकी समझा जाता है। साथ ही पूर्व विधायक बच्चू सिंह बंशीवाल भी जिले की पार्टी में दूसरे खेमे के सदस्य माने जाते रहे हैं। साथ ही पूर्व प्रधान मनोज सिंह को जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेश सिंह का सबसे नजदीकी समझा जाता रहा है। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह, दुष्यंत सिंह, पूर्व मेयर शिव सिंह भोंट, ऋतु बनावत, हजारी सिंह, प्रेम कूपर आदि मौजूद थे।

Vinay Express
Author: Vinay Express