विनय एक्सप्रेस समाचार, बीकानेर: बीकानेर देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने राजनीति में शुचिता और नैतिकता का परिचय देते हुए अपने एक बयान को लेकर उत्पन्न विवाद पर खेद व्यक्त किया है। सियाग के मीडिया प्रबंधक प्रहलाद सिंह ने विनय एक्सप्रेस मीडिया समूह के संपादक विनय थानवी से फोन पर बातचीत कर इस मामले में माफी मांगी।
आपको बता दे की सियाग ने बीते गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी अधिकृत प्रेस नोट मे जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा था कि प्रशासन केवल “छद्म मीडिया मैनेजमेंट” करता है, ताकि जनता को यह भ्रम हो कि प्रशासन काम कर रहा है।
उक्त टिप्पणी पर सियाग की ओर से उनकी बात रखते हुए प्रहलाद सिंह ने कहा कि बिशनाराम के बयान में कुछ शब्दों के गलत संदर्भ में प्रयोग के कारण भ्रम उत्पन्न हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि सियाग का इरादा मीडिया का अपमान करना कतई नहीं था। उन्होंने कहा, “मीडिया और हमारा रिश्ता चोली-दामन का है। हमारी सोच कभी भी मीडिया के प्रति नकारात्मक नहीं रही। यदि शब्दों के चयन से कोई गलत अर्थ निकला, तो हम इसके लिए खेद प्रकट करते हैं और माफी मांगते हैं।”
सियाग की इस पहल को राजनीतिक गलियारों में सराहना मिल रही है। उन्होंने न केवल अपनी गलती स्वीकारी, बल्कि खुले दिल से माफी मांगकर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। विनय एक्सप्रेस के संपादक विनय थानवी ने भी इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि यह राजनीति में नैतिकता और जवाबदेही का प्रतीक है।
यह घटना दर्शाती है कि सियाग ने न केवल अपनी बात को स्पष्ट किया, बल्कि मीडिया के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।













